सहारनपुर। नोएडा में आयोजित ऑल इंडिया एसएन दुबे मेमोरियल क्रिकेट प्रतियोगिता में सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए फाइनल में जगह बना ली है। सेमीफाइनल मुकाबले में सहारनपुर की टीम ने एस्टर क्रिकेट एकेडमी को पांच विकेट से हराया। टीम के प्रदर्शन से खेल प्रेमियों में खुशी की लहर है।
एसोसिएशन के सचिव लतीफ उर रहमान ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, दिल्ली की आठ टीमें प्रतिभाग कर रही हैं। सेमीफाइनल मुकाबले में एस्टर क्रिकेट एकेडमी की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 20 ओवर में मात्र 72 रन बनाए। इनमें कनिष्क भाटी ने 32 और करणवीर ने 16 रन का योगदान दिया। सहारनपुर के लिए शिवम शर्मा ने गेंदबाजी का शानदार प्रदर्शन करते हुए आठ रन देकर पांच विकेट चटकाए। नदीम ने भी अच्छी गेंदबाजी करते हुए तीन विकेट लिए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन की टीम ने तेजी से रन बनाते हुए पांच विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। समीर ने 29 और एसबी ने 14 रन बनाए। एस्टर एकेडमी के कनिष्क, स्पर्श, अभय और सचिन को एक-एक विकेट मिला। सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष अमर गुप्ता, रवि सिंघल, राज कुमार राजू, पाली कालरा, परविंद्र सिंह, योगेश गुप्ता, पुण्य गर्ग, अमित सेठी, साजिद उमर, राकेश शर्मा, सैयद मशकूर आदि ने टीम को बधाई दी तथा फाइनल में अच्छे प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दी।