गंगोह। जिले में छह मार्गों के दिन जल्द ही बहुरने वाले हैं। लोक निर्माण विभाग ने इन मार्गों के मरम्मत और नवीनीकरण के लिए टेंडर जारी कर दिए हैं। क्षतिग्रस्त सड़कों के कारण लंबे समय से परेशान ग्रामीणों को अब राहत मिलने की उम्मीद है।
दरअसल, इन मार्गों की वर्तमान स्थिति बेहद खराब है, जिससे लोगों को रोजमर्रा के सफर में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय ग्रामीण काफी समय से इनके मरम्मत और नवीनीकरण की मांग कर रहे थे। कई बार अधिकारियों को ज्ञापन भी दिए गए। अब जिन मार्गों का नवीनीकरण होना है उसमें गंगोह-वजीरपुर सड़क मार्ग पर दूधला से खंडलाना तक मरम्मत के साथ नवीनीकरण कार्य और गंगोह-ईस्सापुर मार्ग शामिल है।
इसके अलावा सहारनपुर-गंदेवड, पीरमाजरा-धानवा मार्ग, उसण्ड-हरिपुर डिडौलीखेड़ा मार्ग और एसएनजीटी मार्ग से रणदेवा होते हुए नागलमाफी मार्ग को भी शामिल किया गया है। इन मार्गों पर जगह-जगह करीब 45 लाख की लागत से मरम्मत के साथ-साथ नवीनीकरण के कार्य होंगे। लोक निर्माण विभाग की तरफ से इसके लिए टेंडर भी जारी कर दिए गए हैं। अधिकारियों की मानें तो जल्दी ही काम शुरू कर दिया जाएगा, जिससे लोगों को परेशानी न हो।