अप्रैल में ही तीखे तेवर हो चुके तेवर ने सहारनपुर के जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। आलम यह है कि सुबह से गर्मी ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। उधर, शहर के जिन खास बाजारों में हर समय रौनक रहती है। उनमें भी गर्मी बढ़ने का असर नजर आने लगा है।
नगर का दिल कहे जाने वाले कोर्ट रोड, घंटाघर चौक, नेहरू मार्केट, प्रताप मार्केट, वुड कार्विंग बाजार, रायवाला मार्केट, रानी बाजार सहित अन्य बाजारों में अब सुबह दस से 11 बजे और शाम पांच से रात दस बजे तक ही खरीददारी हो रही है।
दोपहर के समय इक्का दुक्का लोग ही बाजार पहुंच पा रहे हैं। हालांकि फल, जूस, नींबू पानी, शरबत, आइसक्रीम वालों के यहां दोपहर में ग्राहक जरूर बढ़ रहे हैं।
रुला रही बिजली ः चरमराई विद्युत व्यवस्था ने हर किसी का हाल बेहाल कर दिया है। घोषित छह घंटों के अलावा बिजली के कई अतिरिक्त कट लग रहे हैं।
इसमें बिजली के आने और जाने का कोई समय निर्धारित नहीं है। बुधवार को भी कई क्षेत्रों की बिजली कई घंटों गुम रही। रही सही कसर लो वोल्टेज ने पूरी कर रखी है। न विद्युत उपकरण चल रहे हैं और न ही पेयजल आपूर्ति हो पा रही है।
इस चरमराई विद्युत व्यवस्था के विरुद्ध आंदोलन तेज होने लगे हैं। यदि जल्द ही इसमें सुधार नहीं हुआ तो इसमें तेजी आएगी। अधीक्षण अभियंता आरके सिंह का कहना है कि वर्तमान शेड्यूल और स्थिति की रिपोर्ट शासन को भेज दी गई है। साथ ही नये बिजलीघरों को चालू करने का प्रयास तेजी से हो रहा है। जल्द ही विद्युत व्यवस्था में सुधार होगा।