सहारनपुर के नागल के ग्राम फतेहपुर कलां में बृहस्पतिवार की रात संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही शोभायात्रा में शामिल युवकों ने शराब पीकर हुड़दंग मचा दिया। इससे दो पक्ष आमने सामने आ गये और पथराव शुरू हो गया।
इसमें कई लोग चोटिल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों पक्षों को लाठियां फटकारते हुए वहां से खदेड़ा। साथ ही दोनों पक्षों के 14 लोगों को शांतिभंग की धारा में गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
घटना करीब रात 8.30 बजे की है। फतेहपुर कलां में संत शिरोमणी रविदास की शोभायात्रा धूमधाम से निकाली जा रही थी। शोभायात्रा में दलित समुदाय के युवक शराब पीकर बैंडबाजों की धुनों पर थिरक रहे थे।
इसी बीच बैंड पर गानों की फरमाइश को लेकर युवकों के दो पक्षों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते दोनों पक्ष के लोग आमने सामने आ गये और हाथापाई के साथ साथ एक दूसरे पर पथराव शुरू कर दिया।
इसमें मनोज, मिंटू, अनुज, अंकित, अतुल, अंकुर, नीटू, राज सिंह, सोम, बाला देवी, महेंद्री आदि को चोटें आई। मामला बढ़ता देख ग्राम प्रधान के पति अशोक कुमार ने थाने को सूचना की।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने बमुश्किल मामला शांत कराया और लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर बितर किया। पुलिस ने एक पक्ष से सचिन, बंसी, पोपिन, कमल, रमेश, दिनेश और दूसरे पक्ष से दीपक, मनोज, मांगेराम, शुभम, पिंटू, अतुल, अनुज, सोम सिंह को हिरासत में ले थाने लाई। शुक्रवार को हिरासत में लिये सभी लोगों को धारा 151 के अंतर्गत चालान कर जेल भेज दिया।