सहारनपुर। सीआईएस के औद्योगिक संगम के छठे और अंतिम दिन विभागीय अधिकारियों और उद्यमियों के बीच संवाद कार्यक्रम से उपजे सुझावों पर सार्थकता से अमल करने का संकल्प लिया गया। पंचायत अध्यक्ष मांगे राम चौधरी ने कहा कि जल भराव की समस्या को बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। जिला पंचायत से जुड़े सभी मसलों का निस्तारण शीघ्रता से कराया जाएगा।
उन्होंने कहा कि दिल्ली रोड पर नाले के निर्माण संबंधी समस्या को बोर्ड बैठक में रखा जाएगा। समस्या को सरकार के माध्यम से निस्तारित कराने के लिए जिला पंचायत हर संभव कोशिश करेगा। योगगुरु पद्मश्री स्वामी भारत भूषण ने संस्था की कार्यप्रणाली की सराहना की। संस्था के संरक्षक एवं महापौर डॉ. अजय कुमार सिंह ने संवाद कार्यक्रम को समन्वय, सद्भावना और समर्पण का प्रतीक बताया। संस्था ने चार वर्षों में उल्लेखनीय प्रगति की है। ऐसे आयोजनों से उद्योग और प्रशासन के बीच विश्वास और सहयोग का सेतु मजबूत होता है।
संस्था अध्यक्ष रविंद्र मिगलानी ने दिल्ली रोड स्थित उद्योगों की बरसात में जलभराव की समस्या पर गंभीरता से ध्यान देने और स्थायी समाधान की अपील की। छह दिवसीय संवाद संगोष्ठी के दौरान संस्था की चार वर्षों की गतिविधियों को एलईडी वॉल पर प्रदर्शित किया गया। इस मौके पर एमएसयू कुलपति प्रो. विमला वाई, आईटीसी प्रबंधक संदीप शर्मा, डॉ. अनिल मलिक, अजय सिंघल, आचार्य प्रतिष्ठा, संरक्षक अमर गुप्ता, चेयरमैन एचएस चड्ढा, रश्मि टेरेंस, मयंक अग्रवाल आदि मौजूद रहे।