देवबंद। नगर के मोहल्ला गुज्जरवाड़ा में बदमाशों ने एक सराफ से दो लाख रुपये की नकदी समेत अन्य सामान लूट लिया। सराफ दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। सूचना पर पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में पुलिस मौके पर पहुंची और पीड़ित से पूछताछ की, साथ ही बदमाशों की तलाश में चेक पोस्टों पर चेकिंग भी कराई।
मोहल्ला गुज्जरवाड़ा निवासी अरविंद वर्मा तल्हेड़ी बुजुर्ग में सराफ की दुकान चलाते हैं। रोजमर्रा की तरह वे रात करीब आठ बजे बस से उतर कर पैदल घर जा रहे थे, घर के समीप पहुंचने पर पीछे से आए एक बदमाश ने उनका नकदी से भरा थैला लूट लिया और फरार होने लगा। इस दौरान अरविंद वर्मा ने शोर मचाते हुए उसका पीछा किया तो बदमाश हाईवे पर खड़े दूसरे साथी के साथ बाइक पर बैठकर फरार हो गया। पीड़ित सराफ के चाचा अशोक वर्मा ने बताया कि अरविंद प्रतिदिन बस से आने जाना करते हैं।
मंगलौर पुलिस चौकी से उतरकर वह पैदल ही घर आते हैं। थैले में करीब दो लाख रुपये की नकदी, दुकान की चाबियां और अन्य सामान था। बताया कि अगले माह अरविंद की बेटी की शादी है। जिसके लिए उन्होंने सोमवार को दो लाख रुपये की कमेटी उठाई थी। वहीं, सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और पीड़ित से पूछताछ करते हुए विभिन्न चेक पोस्टों पर बदमाशों की तलाश में चेकिंग कराई। लेकिन बदमाशों का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी कैमरों की फुटेज निकलवाई जा रही है। जल्द ही वारदात का खुलासा किया जाएगा। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई है।