देवबंद। जमीयत दावतुल मुसलीमीन के संरक्षक व प्रसिद्ध आलिम-ए-दीन मौलाना कारी इस्हाक गोरा ने सपा नेताओं द्वारा दिल्ली की पार्लियामेंट मस्जिद में बैठक करने पर नाराजगी जताई है। उन्होंने मस्जिद को सियासी मंच बनाने पर कहा कि सपा नेताओं ने धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का काम किया है।
मौलाना कारी इस्हाक गोरा ने बुधवार को जारी बयान में कहा कि रामपुर से सपा सांसद मौलाना मोहिब्बुल्ला नदवी, पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव और कुछ महिला प्रतिनिधियों के साथ एक मस्जिद के अंदर इमाम के मुसल्ले के करीब बैठक की। जिसकी वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हो रही हैं। इस पर दुनियाभर के मुसलमान प्रतिक्रिया दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मस्जिद अल्लाह का घर है, इबादत की जगह है, इसे सियासी उद्देश्यों के लिए इस्तेमाल करना शरीयत के सरासर खिलाफ है। मस्जिदें इबादत, तिलावत और रूहानी सुकून का मरकज हैं न कि सियासी बैठकों का। सांसद मोहिबुल्लाह को इस अमल पर अल्लाह से तौबा करनी चाहिए और जनता के सामने आकर अपने इस गलत कदम के लिए माफी मांगनी चाहिए।