सहारनपुर। खाद्य रसद विभाग ने सरकारी क्रय केंद्र पर एक किसान से एक दिन में अधिकतम 30 क्विंटल गेहूं खरीदने की सीमा निर्धारित की है। यह सीमा किसानों के गले की फांस बन गई है। क्योंकि जिनके पास इससे ज्यादा गेहूं है, उन्हें बार बार क्रय केंद्र पर चक्कर लगाना पड़ेगा। इससे उनकी मुश्किल बढ़ गई है।
जनपद में इस बार 1.12 लाख हेक्टेयर क्षेत्रफल में गेहूं की खेती हुई थी। गेहूं की उत्पादकता भी 40 से 42 क्विंटल प्रति हेक्टेयर की आंकी जा रही है। बढ़िया उत्पादन के चलते गेहूं की सरकारी खरीद बंपर हो रही है। जनपद में अब तक सरकारी केंद्रों पर करीब 76063 मीट्रिक टन गेहूं की खरीद हो चुकी। इस बीच खाद्य एवं रसद विभाग ने एक किसान से एक दिन में अधिकतम 30 क्विंटल गेहूं खरीदने की सीमा निर्धारित कर दी। इस सीमा से अधिक गेहूं बेचने वाले वे किसान टेंशन में है जो अभी अपनी बारी का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि लघु एवं सीमांत किसानों का कहना है कि इससे सभी का नंबर जल्द आएगा।
किसान बोले, एक बार नंबर लगने में ही दिक्कत
गागलहेडी के किसान अंबेश कुुमार इस व्यवस्था से खुश हैं। उनका कहना है कि इससे सभी किसानों को सरकारी क्रय केंद्र पर जल्द गेहूं बेचने का मौका मिल सकेगा। इस लिमिट का छोटे किसानों को फायदा होगा।
साढौली कदीम के गांव कम्बोह मजरा निवासी बिजेंद्र सिंह का कहना है कि सीमा निर्धारित होने से उन्हें परेशानी होगी क्योंकि उन्हें करीब 87 क्विंटल गेहूं बेचना है। एक बार ही नंबर आना मुश्किल हो रहा है। दूसरी बार के लिए फिर इंतजार करना होगा।
नागल क्षेत्र के गांव बढेडी कोली निवासी अरुण नोसरान सरकारी क्रय केंद्र पर अपनी बारी का इंतजार कर रहे है। उनका कहना है कि उनके पास करीब 80 क्विंटल गेहूं बिक्री के लिए है। नए नियम के चलते उन्हें तीन बार में गेहूं बेचना पड़ेगा।
खुदाबक्शपुर माजरा के किसान रणदीप सिंह का कहना है कि उन्होंने 66 क्विंटल गेहूं बेचने के लिए पंजीकरण करा रखा है। अब 30 क्विंटल गेहूं एक दिन में बेचने की सीमा के निर्धारित होने से उनके सामने परेशानी खड़ी हो गई है।
गेहूं बेचने आए किसानों ने जताया रोष
बडगांव। एक दिन में एक किसान से अधिकतम 30 क्विंटल गेहूं खरीद करने की सीमा निर्धारित होने पर किसानों ने रोष जताया है।
बड़गांव क्रय केंद्र पर गेहूं बेचने आए किसान रणदीप सिंह, अमित सिंह, प्रदीप, राजसिंह, नरेंद्र, नाथी सिंह का कहना है कि इससे बडे़ किसानों को परेशानी होगी। गंगोह क्षेत्र के किसान
मुस्तफा, फूल सिंह, सरवन, गोगी, गुरमुख आदि का कहना है कि रजिस्ट्रेशन अधिक अनाज तुलवाने के लिए करवाया था, लेकिन एक दिन में 30 क्विंटल गेहूं ही बेचने से काफी दिक्कत का सामना करना पड़ेगा।
विभाग ने सरकारी क्रय केंद्रों पर एक दिन में एक किसान से अधिकतम 30 क्विंटल गेहूं खरीदने का प्रावधान किया है। शेष गेहूं की खरीद दूसरी बार नंबर आने पर किसान बेचेगा। इससे अधिक से अधिक छोटे किसानों को गेहूं बेचने का मौका मिलेगा। साथ ही बिचौलिये और व्यापारियों को क्रय केंद्रों पर गेहूं बेचने से रोका जा सकेगा। - प्रिंस चौधरी, जिला खाद्य विपणन अधिकारी।