सहारनपुर। गंगा एक्सप्रेस ट्रेन से सहारनपुर पहुंचे एक दरोगा ने टीटी के टिकट मांगने पर हंगामा कर दिया। इतना ही नहीं टीटी के साथ हाथापाई की गई। एक रेलवे कर्मचारी ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। बाद में कोतवाली जीआरपी में दोनों पक्षों के बीच हुआ विवाद निपट गया।
गंगानगर एक्सप्रेस ट्रेन में सवार एक दरोगा अपने पुत्र के साथ सहारनपुर रेलवे स्टेशन पर उतरे। उसी समय रेलवे स्टेशन पर मौजूद टीटी ने उन्हें रोक लिया और टिकट दिखाने को कहा। दरोगा टिकट नहीं दिखा सके। इसके बाद टीटी ने कार्रवाई करने की बात कही, जबकि दरोगा के पुत्र के पास टिकट था, लेकिन दारोगा बिना टिकट के सफर करके आए थे। कार्रवाई के नाम पर दरोगा भड़क गया और टीटी के साथ कहासुनी होने के बाद हाथापाई हो गई। उसी समय एक रेलवे कर्मचारी ने दारोगा की वीडियो बना ली, इसमें दरोगा हाथापाई कर नजर आ रहे है।
टीटी ने मौके पर अपने साथियों को बुलाया। मामला कोतवाली जीआरपी में पहुंच गया। यहां पर दरोगा पक्ष लेते हुए पुलिसकर्मियों ने समझौता का दबाव बनाया, लेकिन टीटी जुर्माना लगाने की बात कहता रहा। इसको लेकर दोनों में कहासुनी हुई। बाद में रेलवे कर्मचारियों और पुलिसकर्मियों ने बीच-बचाव कराकर मामला शांत कराया। जीआरपी इंस्पेक्टर ने कहा अभी मामला उनकी जानकारी में नहीं है। वह मामले को दिखवा रहे हैं।