पंचायत चुनाव के पहले चरण में मुजफ्फराबाद ब्लाक की नवसर्जित पंचायत चौंदाहेड़ी में लोकतंत्र के पर्व का उत्साह मतदाताओं में सर्वाधिक दिखा। यहां 92 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जबकि छुटमलपुर में मतदाता अपेक्षित संख्या में बूथों पर नहीं आए। यहां 62 प्रतिशत ही मतदान हो सका।
छुटमलपुर ग्राम पंचायत में प्रत्याशियों की तमाम कोशिशों के बावजूद मतदान कम हुआ। यहां बूथ संख्या एक पर 733, दो पर 681, तीन पर 430, चार पर 313, पांच पर 318, छह पर 569, सात पर 252, आठ पर 373, नौ पर 326, दस पर 332, 11 पर 367, 12 पर 550, 13 पर 406, 14 पर 404 और 15 पर 625 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।
यहां वार्ड संख्या दस में सबसे कम 54 प्रतिशत और वार्ड संख्या सात में सबसे ज्यादा 74 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके अतिरिक्त गांव बेहड़ा कला में 82, बेहडा खुर्द में 71, भैंसराऊ में 90, मुजफ्फराबाद में 71, शेरपुर खानाजादपुर में 75, थाप्पुल ईस्माइलपुर में 77, कालूवाला पहाड़ीपुर में 72, गणेशपुर में 84, दतौली मुगल में 87, खुजनावर मुस्तहकम में 89 और खुजनावर अहतमाल में 78 प्रतिशत मतदान हुआ।
मारपीट
छुटमलपुर। फतेहपुर भादो गांव में फर्जी मतदान को लेकर दो प्रत्याशियों के एजेंटों के बीच मारपीट हो गई जिन्हें पुलिस ने दिन भर थाने पर बैठाए रखा। दतौली मुगल में फर्जी वोट डालने आई एक युवती को महिला पुलिसकर्मी ने बैठा लिया और उसे दो घंटे बाद छोड़ा गया।
मतपेटियां जमा
छुटमलपुर। मुजफ्फराबाद ब्लाक मुख्यालय पर स्थित वैदिक इंटर कालेज को स्ट्रांग रुम बनाया गया है। यहां सबसे पहले पौने पांच बजे इसी गांव की मतपेटियां पहुंची। इसके बाद सवा सात बजे सबसे आखिर में बाबैल बुजुर्ग की मतपेटियां जमा कराई गई। चुनाव अधिकारी अखिलेश चंद शर्मा ने बताया कि सभी 99 ग्राम पंचायतों की मतपेटियां कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच रखी गई हैं।