-हाईवे पर सड़कों पर पार्किंग लोगों के लिए बनी मुसीबत
संवाद न्यूज एजेंसी
सहारनपुर। देहरादून रोड जैसे हाईवे पर सड़कों पर अवैध पार्किंग लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गई है। इससे यातायात बाधित होता है और सड़क हादसों का खतरा बढ़ गया है। यातायात पुलिस और नगर निगम का अतिक्रमणरोधी दस्ता इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है।
जेल चुंगी निवासी विकास ने अमर उजाला के ''''''''मेरी आवाज सुनो'''''''' कॉलम में यह समस्या उठाई थी। अमर उजाला ने इस समस्या की पड़ताल की। जांच में पाया गया कि कुछ निजी अस्पताल और अन्य प्रतिष्ठान संचालक अपनी पार्किंग खाली रखकर सड़कों पर वाहन पार्क करा रहे हैं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि इस वजह से राहगीरों को अक्सर परेशानी होती है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अवैध पार्किंग नहीं हटाई गई तो किसी दिन बड़ा हादसा हो सकता है। इस मार्ग से प्रतिदिन हजारों छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। अतिक्रमण प्रभारी सुधीर शर्मा ने इस मामले पर संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि जल्द ही जांच कराई जाएगी। जांच के बाद सड़कों से अतिक्रमण हटवाया जाएगा। यह कार्रवाई लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करेगी।
बोले क्षेत्रवासी
-दीपक जैन का कहना है कि कहने को सहारनपुर स्मार्ट सिटी है, लेकिन यहां पार्किंग की व्यवस्था न होने के कारण तमाम वाहन सड़कों पर पार्क होते हैं। नगर निगम को अभियान चलाकर कार्रवाई करनी चाहिए।
-अमन वर्मा का कहना है कि हाईवे पर अवैध पार्किंग से बचना चाहिए, क्योंकि प्रतिदिन हजारों वाहन तेज रफ्तार से गुजरते हैं। कोई भी व्यक्ति अतिक्रमण के कारण वाहनों की चपेट में आ सकता है, जिससे जान भी जा सकती है।
-रूपक कुमार का कहना है कि वह अक्सर जेल चुंगी से गुजरते हैं। अपने पास पार्किंग होने के बाद भी अस्पताल संचालकों और दुकानदारों द्वारा सड़कों का इस्तेमाल पार्किंग के रूप में किया जा रहा है, जो बंद होना चाहिए।
-सलमान का कहना है कि अतिक्रमण शहर की बड़ी समस्याओं में से एक है। तमाम तरह के कब्जों के साथ ही अवैध पार्किंग लोगों की राह को मुश्किल बना रही हैं। प्रशासन को अभियान चलाकर अतिक्रमण हटवाना चाहिए।
सहारनपुर के देहरादून रोड पर खड़े वाहन।पड़ताल की खबर का फोटो-
सहारनपुर के देहरादून रोड पर खड़े वाहन।पड़ताल की खबर का फोटो-