डेंगू और चिकनगुनिया में कागजी कार्रवाई करने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने आखिर मान ही लिया कि जनपद में सैकड़ों मरीज डेंगू की चपेट में आए है। विभागीय अधिकारी मौत के ग्राफ पर पर्दा डालने का अभी भी पुरजोर प्रयास किया जा रहा है। मगर, हकीकत यह है कि जनपद में डेंगू की चपेट में आकर 70 से ज्यादा मरीज दम तोड़ चुके है।
बता दें कि जनपद में करीब तीन माह से जानलेवा बुखार की चपेट में आकर कई लोगों की मौत हो चुकी है। शहर से लेकर देहात तक सभी अस्पताल बुखार से मरीजों से फुल है। स्वास्थ्य विभाग इस बीमारी पर अंकुश पाने के बजाय कागजी कार्रवाई करने में जुटा है।
विभागीय अधिकारी लंबे समय से दावा कर रहे थे कि जनपद में एक भी मरीज को डेंगू नहीं हुआ है। बुखार के मरीज वायरल से पीड़ित है। लेकिन अब हकीकत उजागर होने के बाद विभाग ने अपने आंकड़ों में थोड़ा फेरबदल किया है।
अमर उजाला ने 15 अक्तूबर के अंक में सरकारी आंकड़ों में डेंगू, चिकनगुनिया का कहर नहीं शीर्षक से विभाग की लापरवाही को उजागर किया था। खबर के माध्यम से मेडिकल कॉलेज में जांच को आए मरीजों की रिपोर्ट के आधार पर डेंगू और चिकनगुनिया को लेकर स्वास्थ्य विभाग की गलत आंकड़ेबाजी को विस्तार से उजागर किया गया था। यह खबर प्रकाशित होने के बाद स्वास्थ्य विभाग हरकत में आया। अब स्वास्थ्य विभाग ने आंकड़ेबाजी में सुधार करते हुए मान लिया है कि जनपद में 250 लोगों को डेंगू हुआ है।
डेंगू से हुई मौतों की बात करें तो स्वास्थ्य विभाग इससे अभी भी इंकार कर रहा है। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि मरीज बड़ी संख्या में डेंगू की चपेट में जरुर आए। लेकिन इससे मौत किसी की नहीं हुई है। जबकि हकीकत यह है कि डेंगू की चपेट में आकर 70 से ज्यादा मरीज दम तोड़ चुके है।
विभाग की नजर में 633 को ही हुआ मलेरिया ः सहारनपुर। बरसाती मौसम के बाद शुरू हुए बुखार के प्रकोप से जनपद में हजारों मरीज बुखार की चपेट में आए है। स्वास्थ्य विभाग ने इस पर भी जमकर आंकड़ेबाजी की है। विभागीय सूत्रों की मानें तो जिले में 2000 से ज्यादा लोग मलेरिया बुखार की चपेट में आए है। लेकिन विभाग की नजर में केवल 633 मरीजों को ही मलेरिया हुआ है।
बीमारी पर अंकुश पा लिया गया
सहारनपुर। जिला मलेरिया अधिकारी डा. शिवांका गौड़ का कहना है कि डेंगू और चिकनगुनिया पर पूरी तरह से अंकुश पा लिया गया है। उन्होंने माना कि जनपद में करीब 250 लोगों को डेंगू और 633 मरीज मलेरिया की चपेट में आए है।