सहारनपुर में भारतीय स्टेट बैंक में करेंसी निकालने को लेकर लाइन में खड़ी एक नर्स को बैंककर्मियों की बदसलूकी का सामना करना पड़ा। बैंक के गार्ड ने महिला को थप्पड़ तक जड़ दिया।
बाद में प्रबंधक से शिकायत करने के बाद भी बदसलूकी का शिकार हुई नर्स और अन्य ग्राहकों ने जमकर हंगामा काटा। पुलिस कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर बमुश्किल स्थिति संभाली।
मामला एसबीआई की बाजोरिया रोड शाखा का है। बृहस्पतिवार सुबह बैंक के बाहर लंबी लाइनें लगी थी। भारी भीड़ के चलते लाइन में खड़ी एक नर्स की बैंक के होमगार्ड से नोंकझोंक हो गई।
बात इतनी बढ़ गई कि गार्ड ने तैश में आकर नर्स को तमाचा जड़ दिया। गार्ड के इस रवैये से क्षुब्ध नर्स ने बैंक प्रबंधक से शिकायत की। आरोप है कि उसने भी नर्स के साथ बदसलूकी की।
बैंक कर्मियों के इस रवैये को देखकर लाइन में खड़े ग्राहकों ने हंगामा करना शुरू कर दिया। उन्होंने बैंक कर्मियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। ग्राहकों ने बैंककर्मियों पर कई आरोप लगाए। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे पुलिस ने हंगामा कर रहे लोगों को बमुश्किल शांत किया।
जनपद के एटीएम में ग्राहकों की रोजाना लंबी लाइनें लग रही हैं लेकिन एटीएम से करेंसी न निकलने के कारण उनको परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पंजाब नेशनल बैंक के एक एटीएम में ग्राहकों की लंबी लाइनों के बीच कर्मचारी वैन लेकर करेंसी डालने पहुंचे तो लोग उनसे ही भिड़ गए।
वैन चालक और अन्य स्टाफ के साथ हाथापाई तक की गई। घटनास्थल के समीप खड़े पुलिस कर्मियों ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया। मामला पीएनबी के जैन कॉलेज रोड शाखा का है।
डीआईजी कार्यालय के सामने लगे इस एटीएम में शुक्रवार की सुबह करीब 11 बजे लंबी लाइनें लगी थी। इसी बीच वैन एटीएम में करेंसी डालने के लिए वहां पहुंची।
करेंसी डालने आए कर्मचारियों ने लाइन में खड़े लोगों को थोड़ा इंतजार करने को कहा। इस पर लोग भड़क गए। उन्होंने वैन चालक और अन्य स्टाफ के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए हाथापाई शुरू कर दी।
डीआईजी कार्यालय में खड़े पुलिस कर्मियों ने हंगामा कर रहे लोगों को शांत किया। वहीं लोगों के हंगामे और अभद्र व्यवहार को देखते हुए कर्मचारी एटीएम में बिना करेंसी डाले ही वापस लौट गए।