बड़गांव क्षेत्र के झबीरण में बाइक पर पहुंचा दूल्हा।
- फोटो : SAHARANPUR
बड़गांव (सहारनपुर)। कोरोना वायरस की दहशत और लॉकडाउन की बंदिशों के बीच बिना बैैंडबाजा और बरात के एक दूल्हा बाइक पर ही अपनी दुल्हन को लेने पहुंच गया। यह दूल्हा अमरोहा जिला के गांव धनौरी माफी का रहने वाला है।
धनौरी माफी निवासी हरपाल सिंह के बेटे कपिल देव की शादी बृहस्पतिवार की रात को थाना बड़गांव क्षेत्र के गांव झबीरण निवासी सुरेश पाल बर्मन की बेटी कल्पना से उसकी शादी तय हुई । ऐसे में दोनों ओर शादी की तैयारी पूरी थीं, लेकिन देश में लॉकडाउन के चलते शादी का आयोजन करना मुश्किल हो गया । इसके चलते दुल्हे के परिजनों ने सोचा कि क्यों न दूल्हे को केवल दो ही लोगों के साथ दुल्हन लेने के लिए सहारनपुर के गांव झबीरण में भेज दिया जाए। देर रात तक परिजनों और ग्रामीणों के बीच चली बातचीत के बाद दूल्हे को ही भेजने का निर्णय लिया।
बृहस्पतिवार को यह दूल्हा अपने एक अन्य साथी को बाइक पर बैठाकर झबीरन गांव के लिए रवाना हुआ। वह सुबह करीब साढ़े दस बजे एक साथी के साथ बाइक पर पहुंचा। शादी की सभी रस्में रात्रि में पूरी होने के बाद शुक्रवार को दुल्हन के परिजन अपनी बेटी को यहां से विदा कराएंगे। कोरोना की मजबूरी में कम खर्च और सादगी वाली ऐसी शादी को पसंद भी किया जा रहा है।