नानौता। कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को लेकर जिलाधिकारी अखिलेश सिंह व वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एस चनप्पा ने नगर के सीएचसी की नई बिल्डिंग व कोविड टीकाकरण केंद्र का निरीक्षण कर चिकित्सा अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि सीएचसी में 50 बिस्तर का कोविड अस्पताल बनाने के लिए शासन को प्रस्ताव भेजा जा रहा है। यहां विधायक निधि से ऑक्सीजन जनरेटर भी लगाया जाएगा।
सीएचसी पहुंचे डीएम अखिलेश सिंह ने बताया बढ़ते कोरोना संक्रमण मामलों को लेकर शासन बहुत गंभीर है। सरकार की योजना है जिले में कोविड अस्पतालों को बढ़ाया जाए। इसी परिपेक्ष्य में नानौता सीएचसी की नई बिल्डिंग का निरीक्षण किया है जो मानक के अनुरूप सही मिली है। विधायक निधि से यहां एक ऑक्सीजन जनरेटर प्लांट भी स्थापित होना है। उन्होंने बताया कि किसी भी कोविड मरीज को ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी। उन्होंने नानौता में हो रहे कोविड टीकाकरण पर संतोष जताया। इस अवसर पर व्यापारी नेता राजीव नामदेव ने भी उनसे आग्रह किया कि नगर में शासन द्वारा बनाई गई नई बिल्डिंग में अति शीघ्र कोविड अस्पताल स्थापित कर स्टाफ को तैनाती दी जाए। इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डा प्रमोद कुमार, स्वास्थ्य अधिकारी चमन सिंह, फार्मासिस्ट नरेंद्र पंवार, सीएचओ निशा, डा एनसी शर्मा आदि मौजूद रहे।