सहारनपुर। मुजफ्फरनगर के एक फिजियोथैरेपिस्ट ने अपना नाम बदलकर दूसरे समुदाय की युवती को प्रेमजाल में फंसा लिया तथा उससे दुष्कर्म किया। पीड़ित की शिकायत पर कोतवाली सदर बाजार पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
कोतवाली सदर बाजार में दर्ज कराए मुकदमे में देहरादून निवासी युवती ने बताया कि उसकी एक वर्ष पूर्व मुजफ्फरनगर के थाना छपार क्षेत्र के गांव खोजा नंगला निवासी फिजियोथैरेपिस्ट शाहनवाज पुत्र जमील से दोस्ती हुई थी। शाहनवाज का पुरकाजी में फिजियोथेरेपी सेंटर है। युवती का कहना है कि आरोपी ने अपना नाम राहुल बताया था। युवती के मुताबिक शनिवार को शाहनवाज ने उसे सहारनपुर बुलाकर शॉपिंग कराई। इसके बाद युवती से कहा कि उसे दिल्ली रोड स्थित एक होटल में दोस्त से मिलने जाना है।
इसके बाद आरोपी युवती को लेकर होटल में चला गया। वहां कोई दोस्त नहीं मिला। शाहनवाज रात ज्यादा हो जाने की बात कहकर पीड़ित के साथ होटल में ही रुक गया। आरोप है कि आधी रात में शाहनवाज ने खुद ही अपने बारे में सही जानकारी देकर युवती पर निकाह करने का दबाव बनाया। युवती ने विरोध किया तथा उनमें झगड़ा भी हुआ। पीड़ित का आरोप है कि शाहनवाज ने उससे दुष्कर्म किया। वह किसी तरह होटल से निकली और कोतवाली सदर बाजार पहुंचकर पुलिस को जानकारी दी।
इस बाबत एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर आरोपी को रिपोर्ट दर्ज करके गिरफ्तार कर लिया है। जांच में सामने आया है कि शाहनवाज ने नाम बदलकर युवती को प्रेमजाल में फंसाया था। पुलिस कई पहलुओं पर जांच कर रही है।