िसलेंडर फटने से घायल हुए लोग।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
शहर के खलासी लाइन क्षेत्र में गुब्बारे में गैस भरने वाला सिलेंडर फट गया। जिससे दो महिलाओं समेत आधा दर्जन से अधिक लोग घायल गए। दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
अंबाला रोड स्थित मेघ छप्पर निवासी धीर सिंह मंगलवार की शाम लगभग सवा पांच बजे साइकिल ठेली में गुब्बारा भरने का सिलेंडर रखकर मोहल्ला खलासी लाइन में गुब्बारों में गैस भर रहा था। उसी समय तेज धमाके के साथ सिलेंडर फट गया। सिलेंडर फटने से चपेट में आकर कई लोग घायल हो गए। सिलेंडर फटने से भगदड़ मच गई।
गंभीर रूप से घायलों को बाइकों एवं स्कूटर पर बैठाकर जिला अस्पताल में पहुंचाया। जबकि कुछ घायलों को आसपास के चिकित्सकों के यहां भिजवाया। जिला अस्पताल में पेपर मिल रोड स्थित मोहल्ला ब्रह्मपुरी निवासी प्रदीप कुमार, सुमन रोहेला, ग्राम बीतिया निवासी हंसपाल और गुब्बारा विक्रेता मेघ छप्पर निवासी धीर सिंह को भर्ती कराया गया। सुमन, प्रदीप और धीर सिंह की हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटनास्थल पर मौजूद संजय वर्मा, मनमोहन जुनेजा ने बताया कि कुछ लोग तो धमाके की तेज आवास से मची भगदड़ में गिर पड़े और चोटिल हो गए। जिन्हें आसपास के अस्पतालों में भिजवाया गया। उन्होंने बताया कि एंबुलेंस को भी फोन किया गया, लेकिन एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची।