नकुड़। यमुनानगर मंडी में लकड़ी बेचने जा रहे ट्रैक्टर चालक को पेड़ से बांधकर बदमाश मय माल ट्रैक्टर-ट्राली लूट ले गये। सुबह होने पर राहगीरों ने चालक को बंधन मुक्त किया। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
शनिवार की सुबह कोतवाली पहुंचे गांव हसनपुर लुहारी निवासी ट्रैक्टर चालक जोनी ने बताया कि शुक्रवार की करीब आधी रात वह अपने गांव से ट्रैक्टर-ट्राली में पापुलर व सफेदा की लकड़ियां भरकर यमुनानगर मंडी में बेचने के लिए चला था। बताया कि शनिवार की सुबह करीब ढाई बजे जैसे ही वह नकुड़ से करीब एक किलोमीटर दूर सरसावा रोड़ पर पहुंचा तो चार-पांच बदमाशों ने ट्रैक्टर रुकवा लिया और उसे पेड़ से बांधकर ट्रैक्टर-ट्राली को मय माल लेकर फरार हो गए। सुबह करीब सात बजे राहगीरों ने उसे पेड़ से खोला। उसके बाद पीड़ित चालक ने मामले की जानकारी ट्रैक्टर मालिक को दी तथा कोतवाली पहुंचकर पुलिस को पूरा घटनाक्रम बताया। चालक ने बताया कि ट्रैक्टर-ट्राली में करीब 160 क्विंटल माल भरा हुआ था। कोतवाल किरण पाल सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।