गांव में फूड प्रोसेसिंग प्लांट लगवाना है सपना
गागलहेड़ी (सहारनपुर)। ग्राम पंचायत मांडेबांस में इस बार अब्दुल्ला तारिक ग्राम प्रधान निर्वाचित हुए हैं। अब्दुल्ला तारिक ने बताया कि उनकी प्राथमिकताओं में गांव में कन्या इंटर कालेज की स्थापना और फूड प्रोसेसिंग प्लांट लगवाना है।
गांव में लड़कियों की शिक्षा की व्यवस्था न होने के कारण उन्हें शिक्षा ग्रहण करने पांच किमी दूर गागलहेड़ी जाना पड़ता है। बेरोजगारी की समस्या से निजात दिलाने के लिए गांव में फूड प्रोसेसिंग प्लांट लगवाने का काम करेंगे ताकि युवाओं और महिलाओं को गांव में ही रोजगार मिल सके। इसके अतिरिक्त गांव में सीसी सड़कों का निर्माण, पथ प्रकाश व्यवस्था के लिए स्ट्रीट लाइटों की व्यवस्था, प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत वंचितों को आवास मुहैया कराना, पेंशन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं को पारदर्शिता पूर्ण तरीके से लागू कराने का काम किया जाएगा। उनका कहना है कि गांव के तालाबों की खोदाई कर उनका सुंदरीकरण कराया जाएगा।
प्रधान की प्रोफाइल
प्रधान अब्दुल्ला तारिक स्नातक हैं। उनके पिता मौलाना जर्रार समाजसेवी रहे हैं।
गांव का मुख्य मार्ग है खस्ताहाल
गागलहेड़ी से पांच किमी दूर पुवारंका विकास खंड के इस गांव की आबादी करीब चार हजार है। देहरादून हाईवे से गांव को जोड़ने वाला एक किमी लंबा सड़क मार्ग जर्जर अवस्था में पहुंच गया है। गांव निवासी राम सिंह मांडेबांस प्रदेश सरकार में गृहमंत्री और हरिद्वार से सांसद रह चुके हैं।