तकीपुर मार्ग पर उखड़ी बजरी देखता ग्रामीण
- फोटो : SAHARANPUR
बड़गांव। क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाली सर्विस रोड निर्माण के साथ ही उखड़ना शुरू हो गई। आगे आगे काम पूरा हो रहा और पीछे पीछे सड़क टूटनी शुरू हो गई है। इसे लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है। दूसरी तरफ लोनिवि के जेई ने कहा प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क निर्माण योजना में मार्ग की पांच वर्ष तक देख रेख की जिम्मेदारी विभागीय ठेकेदार की होती है।
करीब डेढ़ करोड़ रुपये की लागत से प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत लोक निर्माण विभाग द्वारा सर्विस रोड बनाया जा रहा है। इसमें गांव सिसौनी तक करीब पांच किमी लंबे रास्ते पर किया निर्माण ओवरलोड वाहनों और ठेकेदार की लापरवाही से बनते ही उखड़ना शुरू हो गया है। सड़क मार्ग से डाली गई बजरी सड़क से उखड़ कर बिखर गई है। कई जगह सर्विस रोड के किनारे दरकने लगे हैं। ग्रामीणों में विभाग के प्रति रोष बना है। ग्रामीण सुधीर कुमार, पिंटू, रवि, अमरीश कुमार, जगदीप सिंह ने मार्ग के निर्माण में हो रही लापरवाही की शिकायत विभागीय अधिकारियों से की है।
उधर, लोनिवि के जेई राहुल कुमार ने कहा ओवरलोडिंग के कारण सड़क मार्ग पर डाली बजरी की परत मय तारकोल के उखड़ गई थी। जिसे ठीक कराया। चीनी मिल के अधिकारियों को भी अवगत कराया अधिक गन्ने से लदे ट्रक व ट्रॉला को कुछ दिन तक नवनिर्मित मार्ग से न निकाला जाए।
निर्माण में मानकों की अनदेखी पर ग्रामीणों में आक्रोश
बिहारीगढ़। दिल्ली देहरादून नेशनल हाईवे से घाड़ क्षेत्र के कई गांवों को जोड़ने वाले तकीपुर मार्ग का प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत निर्माण कार्य चल रहा है। सड़क में मानक के अनुसार निर्माण सामग्री न लगाने का ठेकेदार पर आरोप लगाकर ग्रामीणों ने रोष व्यक्त किया है। ग्रामीण नीरज सैनी, सुधीर कुमार, मोनू, सतीश, इसम का आरोप है एक ओर सड़क का निर्माण कार्य हो रहा है, दूसरी ओर सड़क पीछे पीछे टूटती जा रही है। ग्रामीणों ने मानक के अनुरूप सामग्री न लगाने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने सड़क निर्माण में मानक के अनुरूप सामग्री लगवाने की मांग की। जेई राहुल कुमार ने बताया कि मौके पर जा कर जांच की जाएगी। वैसे भी ठेकेदार की निर्माण के बाद पांच साल तक जिम्मेदारी है। संवाद