नूरबस्ती रोड़ पर डाली जा रही पानी की पाईप लाइन
- फोटो : SAHARANPUR
सहारनपुर। नगर निगम के जल कल विभाग के द्वारा नूर बस्ती क्षेत्र में पेयजल के लिए पाइपलाइन डाली जा रही है। पाइपलाइन बिना टेंडर के डाले जाने तथा लाइन डालने में मानकों की अनदेखी करने के आरोप हैं। इस संबंध में जब संबंधित अधिकारियों से बात की गई तो वह जवाब ना देकर बात एक-दूसरे पर टालते दिखे।
नूर बस्ती के कोने से बाजोरिया इंटर कॉलेज के मैदान के पीछे से बेहट रोड की ओर जाने वाले मार्ग पर यह पाइपलाइन डाली जा रही है। एक ठेकेदार का कहना है कि नियमानुसार पाइपलाइन को तीन फिट गहराई पर डाला जाना चाहिए, जिससे लाइन जल्दी टूटे नहीं, मगर यह लाइन कई जगहों पर एक से डेढ फिट गहराई पर ही डाल दी गई है, जिसकी वीडियो और फोटो उनके पास उपलब्ध हैं। उन्होंने यह भी बताया कि लाइन बिना टेंडर के डाली जा रही है, जिसकी लंबाई करीब 500 मीटर है। इस संबंध में विभाग के वरिष्ठ लिपिक संजीव श्रीवास्तव का कहना है कि लाइन डाले जाने के संबंध में अवर अभियंता ही बता सकते हैं, जबकि तमाम टेंडर उनके संज्ञान में रहते हैं।
अवर अभियंता ललित शर्मा का कहना है कि लाइन की लंबाई करीब 200 मीटर है, जिसका टेंडर हुआ है। मगर टेंडर कितने का हुआ है इसकी जानकारी उन्हें नहीं है। इससे पहले बेहट रोड पर बिना टेंडर के पाइपलाइन डालने के आरोप जल कल विभाग के अधिकारियों पर लग चुके हैं।
नूर बस्ती क्षेत्र में पाइपलाइन डालने की जानकारी नहीं है। यदि लाइन डालने में मानकों की अनदेखी हो रही है या नहीं यह तो मौके पर ही जाकर पता चलेगा। लाइन डाले जाने की जांच कराई जाएगी। जरूरत पड़ी तो मैं खुद मौके पर जाउंगा।
सुशील सिंघल, अधिशासी अभियंता, जलकल विभाग।