छुटमलपुर। गोरक्षा दल कार्यकर्ताओं ने आसपा नेता पर हिंदू संगठनों के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी का आरोप लगाते हुए नारेबाजी करते हुए थाने तक जुलूस निकाला। यहां सोना पंडित के नेतृत्व में आरोपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर थानाध्यक्ष विनय शर्मा को ज्ञापन सौंपा।
बुधवार दोपहर कार्यकर्ता मनकामेश्वर महादेव शिव मंदिर पर इकट्ठा हुए। यहां गोरक्षा दल अध्यक्ष सोना पंडित ने कहा कि आजाद समाज पार्टी की बैठक में फिरोज खान ने जिस तरह से बजरंग दल के बारे में आपत्तिजनक टिप्पणी की है उसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। वह यहां का माहौल खराब करना चाहते हैं। इसके बाद कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए फतेहपुर थाने पहुंचे। वहां उन्होंने ज्ञापन देते हुए उचित धाराओं में आरोपी आसपा नेता के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान तहसील अध्यक्ष आलोक सैनी, केतन कांबोज, तरुण कुमार, शगुन सैनी, कार्तिक राठौर, सैनी महापंचायत संगठन के जिलाध्यक्ष सुबोध सैनी और दीक्षांत चौहान आदि मुख्य रूप से शामिल रहे।
उधर, आजाद समाज पार्टी के नेता फिरोज खान ने बताया कि वह हमेशा हिंदू मुस्लिम एकता के पैरोकार रहे हैं। उनकी बात को गलत संदर्भ में प्रस्तुत किया जा रहा है। कुछ लोग अपनी राजनीति चमकाने के लिए मामले को तूल दे रहे हैं।