छुटमलपुर। विद्युत निगम द्वारा बिजली बिलों के बकायेदारों को राहत देने के उद्देश्य से चलाई गई योजना के पहले माह में 3.54 करोड़ रुपये की धनराशि के बिलों की वसूली की गई है। छूट योजना के तहत ब्याज में शत प्रतिशत व बकाए में 25 फीसदी की छूट का 2201 उपभोक्ताओं ने लाभ उठाया है। विद्युत उपखंड छुटमलपुर के एसडीओ अमित कुमार गुप्ता ने बताया कि एक दिसंबर को शुरू हुई छूट में 30 दिसंबर तक तीन करोड़ 54 लाख रुपये के बकाया बिलों की वसूली की गई है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र के तोता टांडा, बिहारीगढ़, थापुल इस्माइलपुर, खुशहालीपुर सहित ज्यादातर गांवों में कैंप लगा कर उपभोक्ताओं को स्कीम के प्रति जागरूक कर योजना से लाभान्वित कराया गया है। उन्होंने बताया कि छूट का दूसरा चरण एक से 31 जनवरी तक चलेगा। इसमें ब्याज पर शत प्रतिशत और मूलधन में बीस प्रतिशत की छूट मिलेगी। दौरान अवर अभियंता किशन कुमार, ऑपरेटर सुधीर, बाबू तुषार, धन संग्रहकर्ता प्रभात आदि का सहयोग रहा।