देहरादून हाईवे पर ट्रक से टकराया कन्टेनर
- फोटो : SAHARANPUR
छुटमलपुर (सहारनपुर)। दिल्ली देहरादून राष्ट्रीय राजमार्ग पर अमानतगढ़ पुलिस चौकी क्षेत्र में सोमवार की तड़के सीमेंट लदे सड़क किनारे खराब खड़े ट्रक में पीछे से कंटेनर जा टकराया। इससे कंटेनर चालक की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हादसा छुटमलपुर बिहारीगढ़ के बीच राष्ट्रीय राजमार्ग पर हरिद्वार जिले के बुग्गावाला थाने की अमानतगढ़ पुलिस चौकी के पास हुआ। सुबह चार बजे सहारनपुर की तरफ से जा रहा कंटेनर सड़क किनारे खराब खड़े सीमेंट से लदे ट्रक में पीछे से जा टकराया। इससे कंटेनर के अगले हिस्से के परखच्चे उड़ गए और उसका चालक केबिन में फंस गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद उसे बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। थानाध्यक्ष बुग्गावाला प्रशांत बहुगुणा ने बताया कि मृतक की पहचान भूपेंद्र पुत्र चन्द्रपाल निवासी ग्राम रमाई टोडर साह थाना मिरहेची एटा उत्तर प्रदेश के रूप में हुई है। स्थानीय पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को क्रेन की सहायता से सड़क किनारे कराया। इसके बाद मृतक के परिजनों को सूचना देकर शव का पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।