सहारनपुर। भाजपा विधायक देवेंद्र निम की मां पदमलता निम और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को लेकर शिकायत का यह पहला मामला नहीं है। इससे पहले एसबीडी जिला अस्पताल में मरीजों की सहूलियत के लिए बनाया जा रहा रैंप का निर्माण विवादों में रहा है। छह माह तक काम बंद रहा। मामला शासन तक पहुंचा, जिसके बाद पिछले माह काम शुरू हुआ। समय पर काम पूरा नहीं होने की वजह एडवांस भुगतान होना बताया जा रहा है। एसबीडी जिला अस्पताल में निर्माण और मरम्मत कार्य कराने का ठेका प्रोपराइटर मेसर्स पदमलता निम के नाम से है, जो पिछले कई सालों से चला आ रहा है। भवनों की मरम्मत हो या फिर कोई नया निर्माण कार्य। इसी संस्था के जरिए होता है। पिछले साल जिला अस्पताल में सर्जिकल वार्ड के सामने रैंप का निर्माण कार्य शुरू हुआ था। रैंप मेडिकल, ईएनटी वार्ड तक बनना है। इसका टेंडर करीब 50 लाख रुपये से अधिक में हुआ था। कुछ महीने रैंप पर लगातार काम चला।
फरवरी 2025 में अचानक काम बीच में ही बंद हो गया। करीब छह महीने तक काम ठप रहा। समय पर काम पूरा नहीं होने से मरीजों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इस मामले में चर्चा थी कि काम पूरा होने से पहले ही भुगतान कर दिया गया। मामले की शिकायत शासन में की गई। इसके बाद शासन से जिला प्रशासन को जांच के आदेश दिए। इसके बाद अधिकारियों ने संबंधित ठेकेदार को बुलाया। तब जाकर पिछले महीने ही काम शुरू हुआ।