सहारनपुर। कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय महंगी में छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के कारणों का पता लगाने के लिए बनाई गई जांच समिति बृहस्पतिवार यानि आज अपनी जांच रिपोर्ट जिला अधिकारी को सौंप सकती है। हालांकि जांच रिपोर्ट सौंपने के लिए 48 घंटे का समय दिया गया था, जो बुधवार को पूरा हो चुका है, लेकिन पहले मंगलवार को पौधरोपण और बुधवार को बीएड की प्रवेश परीक्षा में अधिकारियों के व्यस्त होने की वजह से जांच बाधित हुई।
घटना की जांच के लिए जिला अधिकारी अखिलेश सिंह ने एडीएम प्रशासन डॉ. अर्चना द्विवेदी की अध्यक्षता में जांच समिति बनाई थी। जांच समिति को 48 घंटे के भीतर रिपोर्ट सौंपने को कहा गया था, लेकिन मंगलवार को तमाम अधिकारी पौधरोपण में जुटे रहे। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार भी बच्चों को देखने के लिए पीजीआई चंडीगढ़ चले गए थे। बुधवार को भी संयुक्त बीएड प्रवेश परीक्षा में भी एडीएम प्रशासन सहित अन्य अधिकारी भी व्यस्त रहे, जिसकी वजह से जांच रिपोर्ट तैयार नहीं हो सकी। जिला अधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि समिति से उन्हें जानकारी मिली है कि जांच समिति ने अपनी जांच लगभग पूर्ण कर ली है। संबंधित छात्राओं और स्टाफ के बयान ले लिए गए हैं। जांच रिपोर्ट फाइनल करना बाकी है। ऐसे में उम्मीद है कि बृहस्पतिवार की शाम तक जांच रिपोर्ट सौंपी जाए। उधर, चंडीगढ़ में भर्ती 12 छात्राओं में से एक छात्रा को छुट्टी दे दी गई है। एक छात्रा की हालत अभी भी स्थिर बनी हुई है, जबकि बाकी की तबीयत में सुधार है। यहां जिला अस्पताल के आईसीयू में भर्ती तीनों छात्राओं की तबीयत में काफी सुधार है।