सहारनपुर। शहर की पॉश कॉलोनियों में से एक आवास विकास में चौड़ी सड़कें हैं। पानी की निकासी के लिए नालियां हैं, मगर लोगों द्वारा अपने घरों के बाहर सड़कों के ऊपर बनाए गार्डन के कारण नालियां अपना काम नहीं कर पा रही हैं। नतीजा यह है कि बरसात का पानी सड़कों पर भरता है। इससे कई लोग परेशान हैं।
हरि मंदिर रोड पर दोनों ओर नालियां बनी हैं, इनको ढकने के लिए सीमेंट के ढक्कन भी रखे हैं, मगर ज्यादातर लोगों ने अपने घरों के बाहर सड़कों पर सीमेंट की दीवारें और उन पर जाल लगाकर गार्डन बनाए हुए हैं। इस कारण नालियां घरों और गार्डन के बीच में फंसकर रह गई हैं। सड़क और नालियों के बीच में गार्डन की दीवार आने के कारण बरसात का पानी नालियों तक नहीं पहुंचा पाता है। इनके अलावा कई लोगों ने अपने घरों के बाहर ऊंचे रैंप भी बनाए हुए हैं, इनके सामने सड़कें नीची हो रही हैं। इन सबकी वजह से सड़कों के दोनों साइड में जलभराव होता है। कॉलोनीवासी पंकज शर्मा, अमित अनेजा आदि कई बार इस संबंध में शिकायत कर चुके हैं। इसके बाद भी नगर की निगम की टीम अतिक्रमण हटाने पहुंचती है, लेकिन स्थानीय लोग विरोध कर टीम को लौटा देते हैं। यही वजह है कि समस्या का समाधान नहीं हो पा रहा है।
पूरे आवास विकास की समस्या
हरि मंदिर रोड जैसी समस्या पूरे आवास विकास की है। करीब 60 फीसदी लोगों ने घरों के बाहर सड़कों पर दस से 12 फुट तक अतिक्रमण कर गार्डन बनाए हुए हैं, इस कारण कई जगहों पर 40 फुट सड़कों की चौड़ाई भी मात्र 15 फुट तक बची हुई है। ऐसे में गाड़ियों के निकलने में भी परेशानी रहती है।
----- वर्जन
आवास विकास में यदि अतिक्रमण है और उसकी वजह से अन्य समस्याएं पैदा हो रही हैं तो लिखित शिकायत मिलने पर जांच कराई जाएगी। अतिक्रमण मिला है तो उसे हटवाया जाएगा। - अशोक प्रिय गौतम, अतिक्रमण प्रभारी/ सहायक नगरायुक्त।
-