सरसावा। सरसावा स्थित एयरपोर्ट का उद्घाटन हुए करीब चार माह बीत चुके हैं, लेकिन आज तक हवाई सेवा शुरू नहीं हो सकी। बीते वर्ष 20 अक्तूबर को पीएम नरेंद्र मोदी ने वर्चुअल तरीके से एयरपोर्ट का उद्घाटन किया था।
उसी दिन यहां हुए कार्यक्रम में प्रदेश सरकार में प्रौद्योगिकी मंत्री सुनील शर्मा ने पांच नवंबर से मुरादाबाद, हिंडन, गोरखपुर, कुशीनगर तथा वाराणसी के लिए उड़ानों की घोषणा की थी।
दरअसल, सरसावा में एयरपोर्ट बनाने के मुख्य कारण यह रहे कि यहां एयर फोर्स स्टेशन की हवाई पट्टी पहले से ही मौजूद है, जिस पर एयरफोर्स के वायुयान हेलीकॉप्टर आदि नियमित उड़ान भरते हैं।
इसीलिए एयरपोर्ट का निर्माण भी एयरफोर्स स्टेशन की चहारदीवारी से बिल्कुल मिलते हुए किया गया है, जिससे यात्री वायुयानों के लिए वायुसेना की हवाई पट्टी का इस्तेमाल हो सके। इसके साथ ही एयरपोर्ट को रुड़की पंचकूला नेशनल हाईवे-344 से सरसावा के समीप सीधे जोड़ दिया गया है। उद्देश्य था कि जिले के अलावा मुजफ्फरनगर, शामली, उत्तराखंड के रुड़की, हरिद्वार के साथ-साथ हरियाणा के यमुनानगर, अंबाला, करनाल आदि शहर भी एयरपोर्ट के माध्यम से हवाई मार्ग से सीधे जुड़ जाएंगे।