कम्पनी बाग का निरीक्षण करते कमिश्नर संजय कुमार
- फोटो : SAHARANPUR
शहर के पार्क होंगे स्मार्टसिटी प्लानर के माध्यम से विकसित
सहारनपुर। मंडलायुक्त संजय कुमार ने औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र (कंपनी बाग) का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने इसके रखरखाव को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
मंगलवार को मंडलायुक्त संजय कुमार ने औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केन्द्र (कम्पनी बाग) का औचक निरीक्षण कर जरूरी दिशा निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कंपनी बाग परिसर में सड़कों के किनारे की हैज एवं घास आदि रूटीन कटाई सुनिश्चित कराई जाए। भ्रमण मार्ग के किनारे रंगीन फूलदार पौधों के प्रखंड विकसित किए जाएं। परिसर के भ्रमण मार्ग पर नगर निगम के सहयोग से प्रत्येक 50 मीटर पर एलईडी लाइट लगाई जानी चाहिए। उन्होंने प्रत्येक किलोमीटर पर एक शौचालय नगर निगम के सहयोग से बनवाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि केंद्र परिसर स्थित पुरानी झील क्षेत्र को बटर फ्लाई पार्क, नाना नानी पार्क, चिल्ड्रन पार्क, ओपन जिमनास्टिक पार्क आदि के रूप में स्मार्ट सिटी के प्लानर के माध्यम से विकसित कराया जाए। सभी चौराहों एवं रास्तों पर मार्ग संकेतक, माईल्स स्टोन एवं सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यवस्था होनी चाहिए। पार्कों के रखरखाव के लिए आवश्यक तकनीकी उपकरण खरीदकर उनका उपयोग किया जाए। उन्होंने जिला उद्यान अधिकारी कार्यालय की साफ-सफाई एवं उसमें पेंटिंग कार्य जल्द कराने के भी निर्देश दिए। मंडलायुक्त ने कहा कि पेड़ों के पत्तों एवं खरपतवारों को खाद में परिवर्तित करने के लिए पांच टन क्षमता का आर्गेनिक बेस कंपोस्टर नगर निगम द्वारा उपलब्ध कराया जाए।
इस दौरान नगर आयुक्त ज्ञानेंद्र सिंह, औद्यानिक प्रयोग एवं प्रशिक्षण केंद्र के संयुक्त निदेशक राजेश प्रसाद, केमिस्ट आभा जोशी, स्मार्ट सिटी परामर्शदाता सुयश चतुर्वेदी मौजूद रहे।