शाकंभरी। सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के शनिवार को प्रस्तावित आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।
शुक्रवार को मंडलायुक्त रूपेश कुमार, डीआईजी अभिषेक सिंह, डीएम मनीष बंसल और एसएसपी अभिनंदन सिंह ने सिद्धपीठ पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के लिए हेलीकॉप्टर के लिए हेलीपैड भी बनाया जा रहा है।
शनिवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सिद्धपीठ श्री शाकंभरी देवी आ सकते हैं। शुक्रवार दोपहर जैसे अधिकारियों को इसकी सूचना मिली तभी बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी गई। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री मंदिर पहुंचकर मां भगवती के दर्शन करने के बाद आसपास के क्षेत्र में चल रही पर्यटन योजनाओं तथा सेतु निगम द्वारा कराए जा रहे विकास कार्यों की समीक्षा करेंगे।
इसी क्रम में मंडलायुक्त, डीआईजी तथा जिलाधिकारी ने भी सिद्धपीठ पहुंचकर तैयारियों का निरीक्षण किया और संबंधित विभागों के अधिकारियों को व्यवस्थाएं दुरुस्त रखने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 19 तारीख से शुरू हो रहे नवरात्र मेले की तैयारियां देखेंगे।
मुख्यमंत्री के हेलीकॉप्टर की लैंडिंग के लिए गांव नागलमाफी के पास अस्थायी हेलीपैड तैयार कराया जा रहा है। इसके साथ ही नागलमाफी से भूरादेव तक सड़क के दोनों किनारों पर सफाई अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान अपर जिलाधिकारी सलिल पटेल, एसपी देहात सागर जैन, लोनिवि के अधिशासी अभियंता धर्मेंद्र सिंह, एसडीएम मानवेंद्र सिंह सीओ वैभव पांडे आदि माैजूद रहे।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मिनट टू मिनट कार्यक्रम
- मुख्यमंत्री का हेलीकॉप्टर दोपहर 2:25 बजे नगला माफी हेलीपैड पर उतरेगा।
- 2:35 से 2:50 बजे तक निर्माणाधीन सोविनियर शॉप और टॉयलेट ब्लॉक का निरीक्षण करेंगे।
- 2:55 से 3:10 बजे तक टूरिस्ट फैसिलिटेशन सेंटर (टीएफसी) और मल्टीलेवल पार्किंग के निर्माण कार्य का निरीक्षण
- 3:15 से 3:45 बजे तक निर्माणाधीन परियोजनाओं का प्रस्तुतीकरण एवं चैत्र नवरात्र मेले की समीक्षा
- 3:45 से 4:00 बजे तक जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक
- 4:05 बजे मां शाकुंभरी देवी मंदिर आगमन
- 4:05 से 4:20 बजे तक मां शाकुंभरी देवी मंदिर में दर्शन-पूजन
- 4:25 बजे नगला माफी हेलीपैड से रवाना होंगे।
- 4:40 बजे सरसावा एयरपोर्ट पहुंचेंगे। वहां से राजकीय विमान से लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट के लिए प्रस्थान करेंगे।