सहारनपुर। जिले में दशहरा पर्व पर 61 जगह रावण के पुतलों का दहन किया जाएगा। इसे लेकर पुलिस-प्रशासन पूरी तरह अलर्ट हो गया है। रावण दहन स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था के लिए 1500 पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। इसके अलावा सीसीटीवी और ड्रोन से भी निगरानी रखी जाएगी।
वहीं, बृहस्पतिवार शाम पांच बजे के बाद रूट डायवर्ट रहेगा। बृहस्पतिवार यानी आज दशहरा पर्व मनाया जाएगा। दशहरा मेले में उमड़ने वाली भीड़ को लेकर पुलिस-प्रशासन स्तर से सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए हैं। शहर में 35 और देहात में 26 स्थानों पर रावण दहन होगा। विभिन्न शोभायात्रा भी पुलिस की देखरेख में निकलेगी। बेहट अड्डा, जुबली पार्क, गांधी पार्क, रेलवे कॉलोनी आदि स्थानों पर पुलिस, पीएसी तैनात की जाएगी।
एसएसपी आशीष तिवारी ने बताया कि पुतला दहन से पहले शहर में शोभायात्रा निकलेगी। इसको लेकर शहर में यातायात डायवर्जन, सुरक्षा आदि को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल और भीड़-भाड़ वाले क्षेत्रों में सीसीटीवी और ड्रोन से निगरानी की जाएगी। सोशल मीडिया पर भी कड़ी नजर रहेगी। संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती रहेगी। सुरक्षा के लिए पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की टीम निरंतर गश्त करेंगी।
-
कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर रहेंगे सक्रिय
डीएम मनीष बंसल ने बताया कि आपात स्थिति के लिए कंट्रोल रूम और हेल्पलाइन नंबर सक्रिय रहेंगे। आयोजकों से समन्वय बनाकर सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा कर ली गई है। उन्होंने आमजन से अपील की है कि वह अफवाहों पर ध्यान न दें। पुलिस-प्रशासन का सहयोग करें। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना मिलने पर पुलिस को सूचना दें।
-
ऐसे रहेगा रूट डायवर्ट
- कोर्ट रोड पुल के बराबर में होने वाली रामलीला के कारण पुल पर कार, टेंपो, ई-रिक्शा का आवागमन शाम पांच बजे से पूर्णतः बंद रहेगा। केवल दोपहिया वाहन ही पुल से संचालित होंगे।
- कोर्ट रोड की ओर से घंटाघर जाने के लिए खलासी लाइन से शारदा नगर पुल से कुतुबशेर मार्ग खुला रहेगा।
- घंटाघर की ओर से कोर्ट रोड जाने के लिए देहरादून चौक, एसबीडी चौक, विश्वकर्मा चौक, दीवानी तिराहा मार्ग प्रयोग में लाया जाएगा।
- बेहट अड्डे पर होने वाले रावण दहन के मद्देनजर बेहट अड्डा से माली गेटर, पुरानी चुंगी, बेहट अड्डा से कोतवाली देहात की ओर जाने वाले मार्ग पर सभी प्रकार के भारी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। पूर्व से खड़े भारी वाहनों को दिन में 12 बजे से पहले हटा लिया जाएगा।
- नुमाइश कैंप में होने वाले रावण दहन के मद्देनजर चौकी राकेश केमिकल से किसी भी प्रकार का भारी वाहन पुरानी चुंगी, बेहट अड्डा की ओर नहीं जाएंगे।
- दशहरा पर्व के दौरान रात 12 बजे तक किसी भी प्रकार के भारी वाहन की शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। चाहे उनको शहरी क्षेत्र में अपने माल का लदान या उतार करना है।