सहारनपुर जनपद में देहात कोतवाली क्षेत्र में दतौली रांघड़ मार्ग पर बोरे में एक महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। हत्या के बाद महिला की लाश बोरे में बंद कर फेंकी दी गई। मृतक महिला के शरीर पर कहीं भी चोट के निशान नहीं है। गला दबाकर हत्या करने की आशंका जताई जा रही है। एसपी सिटी ने मौके पर पहुंचकर जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
महानगर की शंकर कॉलोनी निवासी मीना (45) पत्नी राजू रविवार को घर से निकली थी, जिसके बाद वह घर नहीं लौटी। परिजनों ने मीना की काफी तलाश की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चल पाया। सोमवार की दोपहर देहात कोतवाली क्षेत्र में दतौली रांघड़ मार्ग पर कुछ लोगों ने बोरी में एक महिला की लाश पड़ी देखी, जिसकी पहचान मीना के रूप में हुई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई।