चिलकाना। सड़क हादसे में मौत होने पर पोस्टमार्टम के बाद फिरोज का शव पहुंचा चिलकाना। परिजनों ने गमगीन माहौल में शव को सुपुर्दे खाक किया। कस्बे के मोहल्ला जाकिर हुसैन निवासी फिरोज पुत्र अनीस तथा जीशान पुत्र इमरान अपने मोटरसाइकिल रेहड़े पर घरेलू सामान रखकर अंबाला शहर के ग्रामीण क्षेत्रों में घूम फिरकर बेचने का काम करते थे।
शनिवार को दोपहर को जब वह अपना सामान बेचकर वापस चिलकाना आ रहे थे तो अंबाला शहर की चौकी नंबर एक में सड़क किनारे लगी छबील पर शर्बत पीने लगे। तभी अचानक तेज गति से आ रहे एक डंपर ने उन्हें बुरी तरह कुचल दिया।
हादसे में फिरोज (20) की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि उसका साथी जीशान गंभीर घायल हो गया था। पुलिस ने घायल को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया तथा मृतक फिरोज के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेजा। रविवार को पोस्टमार्टम के बाद फिरोज के शव चिलकाना पहुंचा। गमगीन माहौल में मृतक के शव को सुपुर्दे खाक कर दिया गया।