सहारनपुर के तीतरो में माधोपुर के जंगल में ईख के खेत में खड़े बिजली के खंभे पर तार जोड़ते वक्त ऊपर से गुजर रही एचटी लाइन से टच होने पर संविदाकर्मी की मौत हो गई। उसका शव बुरी तरह झुलस कर खंभे पर ही लटका रह गया।
मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को उतारने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा और किसी अधिकारी के मौके पर आने की मांग उठाते हुए विरोध किया। जेई ने मौके पर पहुंच पावर कार्पोरेशन से पांच लाख रुपये की मदद दिलाने का भरोसा देकर ग्रामीणों को शांत किया।
तीतरो थाना क्षेत्र के गांव टिकरोल निवासी 25 वर्षीय अर्जुन कुमार सैनी मनहोरा विद्युत उपकेंद्र पर संविदा कर्मी के रूप में तैनात था। मंगलवार की सुबह करीब सात बजे किसी किसान का फोन आया कि माधोपुर के जंगल में तार टूटा पड़ा है। संविदा कर्मी माधोपुर के जंगल में रजवहे के किनारे ईख के खेत में खड़े विद्युत पोल पर चढ़ कर तार जोड़ने लगा।
उस पोल के ऊपर से तीतरों फीडर की 11 हजार वोल्ट क्षमता की लाइन गुजर रही थी। तीतरो फीडर का उसके पास शट डाउन नहीं था। संविदाकर्मी जिस वक्त तारों को जोड़ रहा था, उसका शरीर ऊपर से गुजर रही लाइन के तार से छू गया।
इससे अर्जुन की मौके पर मौत हो गई और उसका बुरी तरह झुलसा शव खंभे पर ही लटका रह गया। हादसे को देख कर खेतों में कार्य कर रहे मजदूर व किसान मौके पर एकत्रित हो गए। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव उतारने का प्रयास किया। इसका ग्रामीणों ने विरोध किया। ग्रामीणों ने मृतक के परिजनों को मुआवजा दिलाने और कोई बड़ा अधिकारी मौके पर बुलाने की मांग रखी।
मौके पर पहुंचे जेई प्रवीन कुमार ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर निगम की तरफ से पीड़ित परिवार को पांच लाख रुपये का मुआवजा दिलाने की घोषणा की। इसके बाद ही शव को पोल से नीचे उतारने दिया गया। पुलिस ने पंचनामा भरकर पीएम के लिए भेज दिया।
मौत बुलाकर ले गई अर्जुन को
मृतक अर्जुन के पिता जल सिंह ने बिलखते हुए बताया कि अर्जुन खेत में उसके साथ गेहूं की फसल काट रहा था। इसी दौरान किसी का फोन आया। जब वह चलने लगा तो उसने बहुत रोका, लेकिन उसने उसकी एक न सुनी। अर्जुन तीन भाईयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत से परिवार में कोहराम मचा है।