गंगोह। मोहल्ला टाकान निवासी रवि (35) पुत्र रामपाल की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। उसका शव नगर के बाईपास मार्ग स्थित एक काॅलोनी में चंदन के पेड़ पर फंदे पर लटका मिला। मृतक अविवाहित था और वह इसी कालोनी में देखभाल के लिए रहता था। परिजनों ने रवि की हत्या की आशंका जताते हुए कोतवाली में तहरीर दी।
रवि के पिता रामपाल ने कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि बुधवार रात करीब 11 बजे रवि पूजा पाठ करके और पटाखे छुड़ाकर कॉलोनी में गया था। सुबह करीब 9 बजे काॅलोनी में उसका शव मिलने की सूचना पर वह परिजनों सहित वहां पहुंचे। वहां रवि का शव एक पेड़ से फांसी पर लटका हुआ था और उसके पैर जमीन पर लटक रहे थे।
परिजनों का कहना है कि देखने से प्रतीत हो रहा था कि किसी ने उसकी हत्या कर शव को पेड़ से लटका दिया था। मामले में मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराकर कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में लटकने से मौत होना आया है। तहरीर के आधार पर जांच की जाएगी। उधर, परिवार में जवान बेटे की मौत से दिवाली की खुशियां मातम में बदल गई। रवि की मौत के बाद मोहल्ले में भी दिवाली नहीं मनाई गई।ल