संवाद न्यूज एजेंसी
देवबंद। भायला खुर्द गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हुए प्रिंस (13) पुत्र कंवरपाल का शव गन्ने के खेत में नग्न अवस्था में मिला। उसके ऊपर मिट्टी डाली गई थी। आशंका जताई जा रही है कि किशोर का अपहरण कर उसकी हत्या की गई है।
भायला खुर्द निवासी दलित बिरादरी के कंवरपाल का बेटा प्रिंस कक्षा पांच का छात्र था। सोमवार शाम करीब चार बजे वह अचानक लापता हो गया था। परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। रात करीब 10 बजे कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई गई। मंगलवार परिजन प्रिंस को तलाशते हुए करीब 500 मीटर दूर खेतों की तरफ पहुंचे। गन्ने के खेत में उसकी चप्पल और खून से सने कपड़े दिखाई दिए। थोड़ा अंदर जाकर देखा तो मिट्ठी का ढेर दिखाई दिया।
मिट्टी हटाकर देखी तो उसके नीचे प्रिंस का शव नग्न अवस्था में पड़ा हुआ था। सूचना मिलने पर एसपी देहात सागर जैन, सीओ रविकांत पाराशर और कोतवाल बीनू सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, प्रिंस के सिर पर चोट के निशान मिले हैं।