बड़गांव (सहारनपुर)। थाना बड़गांव क्षेत्र के गांव नन्हेड़ा खुर्द गांव के बाहर निर्माणाधीन शिव मंदिर में एक महात्मा का संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी पर लटका शव एक झोपड़ी से पुलिस ने बरामद किया है। इससे पहले भी इसी मंदिर में दो अन्य महात्माओं की पांच साल पहले ऐसे ही मौत हो चुकी है।
घटना के अनुसार बृहस्पतिवार की सुबह नन्हेड़ा खुर्द गांव के बाहर हिंडन नदी के पुल के पास निर्माणाधीन शिव मंदिर के पास एक झोपड़ी में एक महात्मा का शव बरामद हुआ। पिछले काफी दिनों से मंदिर में रह रहे महात्मा लील्ला पुत्र दल सिंह (55) निवासी लव्वा दाऊदपुर थाना झिंझाना जिला शामली का शव फांसी पर लटके होने की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंची। पुलिस ने मृतक साधु के शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में भेजा। थानाध्यक्ष संजीव कुमार ने बताया कि महात्मा पिछले कई दिन से डिप्रेशन की बीमारी से ग्रस्त चल रहे थे। उनके घर में भी कोई नहीं है। थाना देवबंद के गांव जखवाला में उनके मामा रहते हैं, उनको सूचना दे दी। फिलहाल महात्मा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। ग्रामीणों ने बताया इससे पहले भी इस मंदिर में रह रहे दो अन्य महात्माओं की ऐसे ही संदिग्ध मौत हो चुकी है।