सहारनपुर में सराफा बाजार बंद कर धरना-प्रदर्शन करते व्यापारी।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
करीब पांच साल पुराने चोरी के मामले में नगर कोतवाली पुलिस द्वारा दो सराफा कारोबारियों को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाने से सराफा कारोबारियों में नाराजगी है। विरोध में शनिवार को सराफा बाजार बंद रखा। साथ ही कोतवाली पहुंचकर मामले पर विस्तार से चर्चा भी की।
पांच साल पहले एक सराफ के यहां चोरी हो गई थी, जिसमें भारी मात्रा में ज्वैलरी गई थी। मामले में पीड़ित सराफ की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई थी। मिली जानकारी के अनुसार मामले में चार्ज सीट लगी थी, जिस पर ट्रायल चल रहा था।
पीड़ित सराफ ने फिर से पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। एसएसपी ने नगर कोतवाल को जांच सौंपी है। इसी के मद्देनजर नगर कोतवाल ने दो सराफा कारोबारियों को पूछताछ के लिए कोतवाली बुलाया था।
सराफा पंचायत के अध्यक्ष राकेश कुमार गुप्ता के अनुसार पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाने के बहाने दोनों कारोबारियों को कोतवाली में ही बिठा लिया। इसके विरोध में पंचायत ने शनिवार को सांकेतिक विरोध जताया। इसके तहत सराफा बाजार बंद रहा।
नगर कोतवाली पहुंचे सराफा कारोबारियों की पुलिस के साथ लंबी वार्ता चली। पुलिस से आश्वासन मिलने के बाद बाजार खोल दिया गया। उधर, नगर कोतवाली प्रभारी संजय पांडेय ने बताया कि पुलिस मामले की निष्पक्ष होकर जांच कर रही है।