कोतवाली में आयोजित शांति समिति की बैठक में एसडीएम हीरालाल सिंह यादव ने कहा कि हमें त्योहार आपस में मिलजुल कर मनाने चाहिए। अगर किसी ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की तो उस पर सख्त कार्रवाई होगी।
उन्होंने क्षेत्रवासियों को रमजान माह में अधिक से अधिक बिजली आपूर्ति दिलवाने का आश्वासन दिया। एसडीएम ने पुलिस को नगर और क्षेत्र में बिक रही अवैध शराब पर तुरंत अंकुश लगाने तथा विद्युत निगम को जर्जर लाइनों को दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए।
सीओ हरि प्रकाश कसाना ने अफवाहों पर ध्यान न देने तथा किसी अप्रिय घटना की सूचना तुरंत पुलिस को देने तथा छोटे-छोटे झगड़ों को आपसी रजामंदी से निपटाने की जनता से अपील की है। क्षेत्रवासियों ने अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र में हो रही अंधाधुंध बिजली कटौती पर गहरा रोष व्यक्त किया है।
पालिका चेयरमैन धनीराम सैनी ने नगरवासियों को पेयजल आपूर्ति व साफ सफाई के प्रति आश्वस्त किया। कोतवाल सुशील सैनी, एसआई संजीव चौहान, शाहनवाज खान, संजीव चौधरी, राजकुमार सेन, सुधीर मित्तल, अरसलाल खान, धर्मवीर शर्मा, नीटू भारती, राधेश्याम शर्मा, जगमाल सिंह, मांगेराम जुड्डी, शैफुल इस्लाम, दुर्गा प्रसाद, संदीप कर्णवाल, त्रिलोक चंद, अफजाल निजामी, अशोक त्यागी आदि क्षेत्र के जिम्मेदार लोग मौजूद रहे।
संचालन मनोज धनगर ने किया। कार्यक्रम के अंत में मथुरा के शहीद हुए एसपी सिटी और एसओ की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि दी गई।