रसूलपुर कलां में हौंसला पोषण योजना का निरीक्षण करते विशेष सचिव राजस्व मनोज कुमार।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
विशेष सचिव राजस्व मनोज कुमार ने शनिवार को गांव रसूलपुर कलां में प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी हौसला पोषण योजना के क्रियान्वयन की हकीकत जानी। उन्होंने जिला कार्यक्रम अधिकारी के साथ गांव पहुंच आंगनबाड़ी केंद्रों पर दिए जाने वाले खाद्य पदार्थ के वितरण की व्यवस्था और उसकी गुणवत्ता परखी।
मुजफ्फराबाद ब्लाक के इस गांव में सुबह 11 बजे पहुंचे मनोज कुमार ने गांव में स्थापित आंगनबाड़ी के तीनों केंद्रों पर पंजीकृत बच्चों, गर्भवती महिलाओं और धात्रियों की जानकारी ली। इनमें पांच बच्चे विकलांग पाए गए।
जानकारी ली कि विकलांग बच्चों को देेशी घी का पैकेट मिला या नहीं। मेन्यू के अनुसार भोजन मिल रहा है या नहीं। गर्भवती महिलाओं ने मांग रखी कि पका भोजन या फिर सूखा राशन उनके घर भिजवाने की व्यवस्था की जाएं। यदि यह संभव नहीं तो नगद धनराशि उनके खातों में भिजवा दें। इस पर सचिव ने कहा कि उनकी मांग मुख्यमंत्री तक पहुंचाएंगे।
ग्रामीणों ने गांव में आंगनबाड़ी केंद्रों की संख्या भी बढ़ाने की मांग की। करीब एक घंटा तक गांव में रुकने के बाद सचिव वापस लौट गए। उनके साथ जिला कार्यक्रम अधिकारी आशा त्रिपाठी और सीडीपीओ अनीता सोनकर भी मौजूद रही। इस मौके पर सपा के जिला पंचायत सदस्य एवं बेहट विधान सभा क्षेत्र अध्यक्ष रागिब अली, ग्राम प्रधान शबिला बेगम, इसलाम, मांगेराम, रणबीर सिंह, बरकत अली, फूल कुमार, मंजू सिंह, नीतू रानी, मुनेश देवी, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।