देवबंद। नगर में आवारा कुत्ते आए दिन लोगों पर हमलावर हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। सोमवार की रात मोहल्ला खानकाह में आवारा कुत्तों ने एक किशोरी और दो मदरसा छात्रों पर हमला कर दिया। इसमें वह घायल हो गए।
मोहल्ला खानकाह निवासी मो. अहमद की बेटी सदफ (10) रात करीब नौ बजे घर के बाहर खड़ी थी। इसी दौरान आवारा कुत्ते ने उस पर हमला कर दिया। इस बीच एक मदरसा छात्र उसे बचाने लगा तो कुत्ते ने उस पर भी हमला कर दिया।
इससे कुछ दूरी पर एक पान की दुकान पर खड़े एक अन्य मदरसा छात्र को भी कुत्ते ने काट लिया। तीनों को चिकित्सक के यहां भर्ती कराया गया। नगर में आवारा कुत्तों की संख्या से लगातार बढ़ रही है, अब यह लोगों पर हमलावर हो रहे हैं। नगरवासी पिछले लंबे समय से आवारा कुत्तो को पकड़वाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन प्रशासन कोई ठोस कदम नहीं उठा रहा है। पूर्व में दो लोगों की कुत्ते के काटने से मौत भी हो चुकी है।