गंगोह कोतवाली में कार्रवाई की मांग को लेकर पहुंचे सांगाठेड़ा के ग्रामीण। संवाद
गंगोह। सांगाठेड़ा प्रकरण में सोमवार को युवक-युवती की बरामदगी और कानूनी कार्रवाई के बाद माहौल सामान्य होने लगा था, लेकिन मंगलवार को सोशल मीडिया पर एक आपत्तिजनक पोस्ट सामने आने के बाद गांव में फिर तनाव की स्थिति बन गई। गांव में फिर से पंचायत हुई और ग्रामीणों ने कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस जांच कर रही है।
बता दें, कि हाल ही में युवती को बरामद कर नारी सुधार गृह भेजा गया है, जबकि युवक को संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेजा गया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान महापंचायत, धरना-प्रदर्शन और सड़क जाम जैसी घटनाएं भी हुई थीं। बड़ी मुश्किल से गांव में शांति बहाल हो पाई थी। आरोप है कि मुस्लिम पक्ष के एक युवक द्वारा मंगलवार को सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक उकसाने वाली पोस्ट की गई, जिसके बाद हिंदू पक्ष में गहरा रोष व्याप्त हो गया।
इस आपत्तिजनक पोस्ट के वायरल होने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण इकट्ठा हुए और पंचायत की। पंचायत में वक्ताओं ने कहा कि उन्होंने टकराव को टालने के लिए गांव के युवाओं को बमुश्किल समझा-बुझाकर शांत किया। अब मामला कानूनी प्रक्रिया में चला गया है। अब इस तरह की पोस्ट माहौल बिगाड़ने की कोशिश है। उन्होंने आरोपी युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। इसके बाद मास्टर श्रवण, राजवीर प्रधान, विकास फौजी, यशपाल, अनिकेत सहित बड़ी संख्या में लोग कोतवाली पहुंचे और पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की। वहीं, पुलिस का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने अफवाहों से बचने और सोशल मीडिया पर संयम बरतने की अपील की है।