बिजली खंभे की तान में आए करंट से किशोर की मौत
नानौता। खेत में पिता के साथ काम कर रहे 16 वर्षीय किशोर की हाईटेंशन लाइन के खंभे में लगी तान में उतरे करंट की चपेट में आने से मौत हो गई। किशोर की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है।
थाना क्षेत्र के गांव भाबसी रायपुर निवासी नाथीराम कश्यप ने गांव के ही दिलावर राणा का खेत बटाई पर ले रखा है। बुधवार की शाम चार बजे नाथीराम अपने बेटे सूरज के साथ खेत में काम कर रहा था। इसी दौरान खेत में लगे हाईटेंशन विद्युत पोल की तान में आए करंट की चपेट में आ कर सूरज गंभीर रुप से झुलस गया। उसे गंभीर हालत में परिजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नानौता पर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजन बिना किसी कानूनी कार्यवाही के शव को अंतिम संस्कार के लिए घर ले गए।