बेहट के मिर्जापुर स्थित ग्लोकल यूनिवर्सिटी में परिसंपत्तियों की जांच के लिए पहुंची जिलाधिकारी ?
- फोटो : SAHARANPUR
बेहट (सहारनपुर)। मिर्जापुर स्थित ग्लोकल यूनिवर्सिटी में ट्रस्ट की परिसंपत्तियों की जांच के लिए डीएम द्वारा गठित तीन सदस्य जांच समिति बृहस्पतिवार को यूनिवर्सिटी पहुंची, हालांकि यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार द्वारा कोर्ट से संबंधित कागजात दिखाए जाने पर टीम उनका अध्ययन करने तक लौट आई।
बता दें कि 2017 में केंद्र सरकार ने जनपद सहारनपुर के मिर्जापुर में स्थित ग्लोकल यूनिवर्सिटी के ट्रस्ट की परि संपत्तियों की कॉरपोरेट मंत्रालय में हुई शिकायतों के बाद उत्तर प्रदेश सरकार को जांच के लिए लिखा था। शासन के निर्देश पर डीएम ने ग्लोकल यूनिवर्सिटी के ट्रस्ट की परिसंपत्तियों की जांच के लिए तीन सदस्य टीम गठित की थी। बृहस्पतिवार को यह जांच टीम ग्लोकल यूनिवर्सिटी पहुंची। टीम को यूनिवर्सिटी में अब्दुल वहीद चैरिटेबल एंड एजुकेशनल ट्रस्ट का कोई भी ट्रस्टी उपस्थित नहीं मिला। मौके पर मौजूद यूनिवर्सिटी के रजिस्ट्रार निजामुद्दीन ने बताया कि सर्वोच्च न्यायालय के आदेश पर एफआईओ (धोखाधड़ी की जांच) के लिए दिल्ली के द्वारका स्थित थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी, जिस पर यूनिवर्सिटी के ट्रस्टियों द्वारा उत्पीड़नात्मक कार्रवाई के खिलाफ न्यायालय में प्रार्थना पत्र देकर स्टे ले लिया था। उन्होंने जांच टीम से समस्त परि संपत्तियों का ब्यौरा उपलब्ध कराने के लिए कुछ समय मांगा। इस पर टीम लौट आई। टीम में एसडीएम बेहट देवेंद्र पांडेय, क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. राजीव गुप्ता, डीआईओएस अरुण दुबे, सीओ प्रथम रजनीश उपाध्याय, आदि के अलावा थाना प्रभारी मिर्जापुर विरेशपाल गिरि की मौजूदगी रही।