सहारनपुर। जिला प्रशासन ने हरियाणा की ओर से होने वाले अवैध खनिज परिवहन पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसके लिए अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने दो टीमों का गठन किया है। अवैध खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने का पूर्ण उत्तरदायित्व इन टीमों का होगा।
हरियाणा से बिना जीएसटी, बिना आईएसटीपी और ओवरलोड खनिज परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व विनोद कुमार ने दो टीमों का गठन किया है। टीम एक में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन), मनीष कुमार, असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्यकर विभाग, हर्ष चावला तहसीलदार देवबंद, शिवकुमार सर्वेक्षक खनन विभाग और थानाध्यक्ष द्वारा नामित उप निरीक्षक एवं चार सशस्त्र पुलिस बल शामिल किए गए हैं। टीम दो में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी ( प्रशासन) , रविकुमार असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्यकर विभाग, नायब तहसीलदार अजब सिंह राणा, खनन निरीक्षक मौहम्मद एजाज खान और थानाध्यक्ष सरसावा द्वारा नामित उप निरीक्षक एवं चार सशस्त्र पुलिस बल को शामिल किया गया है। इनमें से टीम-एक रात आठ से सुबह आठ बजे तक देवबंद (रोहाना टोल प्लाजा के पास स्थित पुलिस चौकी) चेक पोस्ट पर तैनात रहेगी। इसी दौरान टीम दो शाहजहांपुर चेक पोस्ट पर ड्यूटी करेगी। ये टीमें हरियाणा राज्य की ओर से आने वाले अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करेंगी।