सहारनपुर के देवबंद में पाकिस्तानी लेखक तारिक फतेह और उसके कार्यक्रम फतेह का फतवा के खिलाफ सोमवार को बुर्कानशी महिलाओं ने प्रदर्शन किया। साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन अधिकारियों को सौंपा।
सोमवार को मोहल्ला अबुल बरकात स्थित मदरसा माहद आयशा सिद्दीका कासिमुल उलूम लिल बनात से महिलाएं जुलूस के रूप में खानकाह पुलिस चौकी पहुंचीं।
जहां उन्होंने राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन कोतवाल चमन सिंह चावड़ा और तहसीलदार यदुवंश कुमार को सौंपा। ज्ञापन में कहा गया कि भारत एक लोकतांत्रिक और धर्मनिरपेक्ष मुल्क हैं।
हमारे पड़ोसी देश पाकिस्तान को भारत के लोगों का प्यार और प्यार से रहना, देश का विकास और समृद्धि पसंद नहीं है। वह भारत की शांति को दंगों में बदलने तथा भारतीयों में नफरत पैदा करना चाहता। तारिक फतेह इस्लाम और मुसलमानों के बारे में गलत बयानी कर रहा है।
इस मौके पर मदरसे की प्रधानाचार्य इफ्फत साहिबा, आयशा सिद्दीकी, शीबा एजाज, गुलफशां, साइमा, शहजादी, इमराना, तैय्यबा, सना शाहिद, शमीला, फैजिया, फरहीन, फातिमा शमा, नगमा फुरकान, तहसीन, सितारा आदि मौजूद रहीं।