कलक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों की बैठक लेते डीएम अखिलेश सिंह।
- फोटो : SAHARANPUR
अवैध खनन करने वालों को चिह्नित कर करें कार्रवाई
सहारनपुर। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा कि अवैध खनन करने वालों को चिह्नित कर उनके विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही अवैध खनन में लगे वाहनों को सीज किया जाए। उन्होंने पीएम आवास योजना, प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना सहित अन्य के अधूरे लक्ष्यों को पूरा करने के लिए भी अफसरों को चेताया।
शुक्रवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम ने विकास कार्यों के मूल्यांकन एवं अनुश्रवण की समीक्षा की। उन्होंने सिंचाई विभाग के अभियंताओं को सिल्ट सफाई के कार्यों को मानकों के अनुरूप कराने के निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता ने बताया कि सिल्ट सफाई का कार्य 15 अक्तूबर से शुरू हो चुका है। उन्होंने उपकृषि निदेशक को निर्देश दिए कि एक भी किसान का प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का क्लेम लंबित नहीं रहना चाहिए।
उप निदेशक कृषि राम जतन मिश्र ने बताया कि प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना में 2810 किसानों का डाटा संशोधन के लिए भेजा गया हैै। इस काम को जल्द पूरा कर लिया जाएगा। डीसीओ ने बताया कि गांगनौली चीनी मिल बकाया भुगतान जनवरी तक कर पाएगी। इस दौरान यह भी बताया गया कि जनपद में 884 सामुदायिक शौचालयों का निर्माण किया जाना है। जिला पंचायत राज अधिकारी राजेंद्र प्रसाद ने बताया कि सामुदायिक शौचालय 82 बन गए हैं, 176 शीघ्र पूरे हो जाएंगे।
परियोजना निदेशक दुष्यंत कुमार ने प्रधानमंत्री शहरी आवास योजना के बारे में बताया कि 3689 शेष आवास बचे हैं। इनके लिए काम चल रहा है। जिला समाज कल्याण अधिकारी आनंद कुमार को निर्देश दिए गए कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत नवंबर में समारोह कराया जाए। इस दौरान सीडीओ प्रणय सिंह, डीडीओ मंशा राम यादव, उपायुक्त उद्योग सिद्धार्थ कुमार, आनंद कुमार, अमित कुमार आदि मौजूद रहे।