महाकाल के साथ छाएगा मोदी और योगी का जादू
सहारनपुर। श्रावण मास शुरू हो चुका है। शिवभक्तों में उत्साह है। कांवड़ लाने वाले भक्त बाजारों में परिधानों की खरीदारी कर रहे हैं। बाजार में इस बार भगवान महाकाल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर वाली टी-शर्ट पहली पसंद बनी है।
महानगर के बाजार हिरनमारान में कांवड़ियों के परिधानों की जमकर खरीदारी हो रही है। बाजार में इस बार लाल, नीले और भगवा रंग में भगवान महाकाल की तस्वीर वाली टी-शर्ट शिवभक्त खरीद रहे हैं। इसके अलावा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर वाली टी-शर्ट की मांग भी खूब है। हिरनमारान के होजरी कारोबारी संजय बंसल का कहना है कि टी-शर्ट की कीमत 45 से 200 रुपये तक है। प्रभु महाकाल की तस्वीर वाली टी-शर्ट कांवड़ लेकर जाने वाले शिवभक्त ज्यादा मांग कर रहे हैं। इसी को देखते भगवा, नीली और लाल रंग की टी-शर्ट पर आर्डर देकर भगवान महाकाल की तस्वीर छपवाई गई है।
गारमेंट्स कारोबारी योग चुघ का कहना है कि केंद्र और प्रदेश में भाजपा की सरकार होने का असर भी कांवड़ यात्रा पर देखा जा रहा है। पिछले वर्ष की अपेक्षा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर वाली टी-शर्ट की मांग ज्यादा है।
कांवड़ियों द्वारा तिरंगा भी खरीदा जा रहा है, जिसे वह कांवड़ के साथ लेकर चलेंगे। बाजार में एक फीट से लेकर पांच मीटर लंबे तिरंगे खरीदे जा रहे हैं। इससे बड़ा तिरंगे आर्डर पर तैयार कराए जा रहे हैं। भायला निवासी कांवड़िए जनेश्वर, सुमित और सन्नी का कहना है कि उन्होंने भगवान महाकाल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर वाली टी-शर्ट खरीदी है। इसके साथ ही तिरंगे भी खरीदे हैं, जिसे वह कांवड़ लेकर आते समय अपने साथ लेकर चलेंगे। मुजफ्फरनगर से खरीदारी करने आए प्रमोद कुमार का कहना है कि वह भी महाकाल की तस्वीर वाली टी-शर्ट खरीदने आए हैं।
-----------
- सहारनपुर से कई जगह सप्लाई होते हैं कांवड़ियों के परिधान
सहारनपुर। कारोबारी संजय बंसल और योग चुघ का कहना है कि पश्चिमी यूपी, दिल्ली, इंदौर, उत्तराखंड, हरियाणा और पंजाब में कांवड़ियों के परिधान की सप्लाई सहारनपुर से होती है। यहीं से तैयार होकर टी-शर्ट और लोवर जाते हैं। हर वर्ष श्रावण मास में बड़ा कारोबार होता है। बाजार में वैरायटी के हिसाब से कांवड़ियों के परिधान 200 रुपये से लेकर 500 रुपये तक हैं। हरिद्वार से खरीदारी करने आए कारोबारी मोहन शर्मा ने बताया कि वह हर वर्ष सहारनपुर से ही कांवड़ियों के परिधान तैयार कराकर ले जाते हैं।