- कड़ाई से करें पालन, बेवजह बाहर ना निकलें: डीएम
अमर उजाला ब्यूरो
सहारनपुर। रात्रि कर्फ्यू की व्यवस्था अभी जारी रहेगी। रात में नौ बजे से सुबह छह बजे तक लोग बेवजह अपने घरों से बाहर न निकलें। सिर्फ आवश्यक सेवाएं ही जारी रहेंगी। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने बताया कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को देखते हुए इस गाइडलाइन का कड़ाई से पालन करने का दायित्व प्रत्येक नागरिक का है।
दरअसल, पूर्व में जब रात्रि कर्फ्यू लगाया गया था, तो उसके बाद बीच में शनिवार रात से 35 घंटे का कोरोना कर्फ्यू का समय शुरू हो गया, जो सोमवार सुबह तक रहा। इसके बाद लोगों में यह चर्चा भी रही कि अब आगे रात्रि कर्फ्यू रहेगा या नहीं। जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने कहा है कि रात में नौ बजे से सुबह छह बजे तक रात्रि कर्फ्यू जारी रहेगा, साथ ही उन्होंने कहा कि बाहर से जिले में आने वाले श्रद्धालु और नमाजियों को आरटी-पीसीआर की नेगेटिव जांच रिपोर्ट दिखानी अनिवार्य है। बाहर से जिले में जितने भी धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालु अथवा नमाजी आते हैं, वहां के धार्मिक स्थल के आयोजकों की भी जिम्मेदारी है कि जिले के बाहर से आने वाले ऐसे किसी व्यक्ति को धार्मिक स्थल में प्रवेश ना दें, जिनके पास आरटी-पीसीआर की नेगेटिव रिपोर्ट न हों।