सहारनपुर। होली पर सिंथेटिक रंगों से जिंदगी खतरे में पड़ सकती है। इन रंगों से त्वचा और आंखों को ज्यादा खतरा है। चिकित्सकों की सलाह है कि हर्बल रंगों से होली खेलकर नुकसान से बचें।
बाजार में तरह-तरह के सिंथेटिक रंग बिक रहे हैं। ऐसे में जरा सी लापरवाही शरीर के अंगों को खराब कर सकती और जान को भी खतरे में डाल सकती है। रंजीतनगर के वरिष्ठ फिजीशियन डॉ. संजीव मिगलानी और जिला अस्पताल के त्वचा रोग विशेष केवी सिंह ने बताया कि सिंथेटिक रंगों में नुकसानदायक तत्व होते हैं। इसलिए हर्बल और प्राकृतिक रंगों का इस्तेमाल करना चाहिए। केमिकल रंगों से आंखों में अंधापन आ सकता है और त्वचा झुलस सकती है। त्वचा और आंखों को तो यह रंग नुकसान पहुंचाते ही हैं और अगर शरीर के अंदर चले जाएं तो फेफड़ों और हृदय के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. आरआर सिंह और होम्योपैथिक चिकित्सक डॉ. पीडी गर्ग केमिकल रंग त्वचा के साथ ही बालों को भी भारी नुकसान पहुंचाते हैं। बालों में रूखापन व बाल झड़ने लगते है।
--------------------
केमिकल और सिंथेटिक रंगों के नुकसान
डॉ. पीडी गर्ग ने बताया कि केमिकल और सिंथेटिक हरे रंग में कॉपर सल्फेट होता है, जो आंखों में एलर्जी और अंधापन करता है। काले रंग में लेड होता है, जो गुर्दों को नुकसान पहुंचाता है। लाल रंग में मरक्यूरिक ऑक्साइड और सिल्वर रंग में एल्युमीनियम ब्रोमाइड होता है, जो त्वचा का कैंसर करता है। बैंगनी रंग में क्रोमियम आयोडाइड होता है, जिससे अस्थमा होता है। पीले रंग में ओरमिन और चमकीले रंग में सीसा होता है। इससे स्किन एलर्जी और त्वचा डैमेज होती है।
---------------------------
ऐसे बना सकते हैं प्राकृतिक रंग
लाल रंग चंदन, गुलहड़ से मिलाकर बनाया जा सकता है। हरा रंग मेहंदी, पालक, धनिया, हरी पत्तियां को सूखाने के बाद पीसकर बनाएं। पीला रंग हल्दी, बेसन, और नीला रंग गुलहड़ और जेकरेंडा से मिलाकर बनाएं। इन रंगों की मात्रा बढ़ाने के लिए आटे का प्रयोग करें।
---------------------------
होली पर बरतें यह सावधानियां
-- होली खेलने से पहले चेहरे, हाथों, पैरों पर सरसों, नारियल का तेल या लोशन लगाना चाहिए। इससे रंग उतारने में आसानी होती है।
-- सन स्क्रीन लोशन का इस्तेमाल करना चाहिए।
-- आंखों में रंग जाने पर पानी और गुलाब जल से धोना चाहिए। आंखों को रगड़ना नहीं चाहिए।
-- त्वचा से रंग उतारने से पहले मुल्तानी मिट्टी लगानी चाहिए। गहरे रंग उतारने के लिए एक कप में दही, नींबू और पानी डालकर लगाना चाहिए।
-- रंग उतारने के लिए पेट्रोल, मिट्टी तेल और स्प्रीट का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए। यह त्वचा को ड्राइ कर देता है।